ऑपरेशन प्रहार के तहत नैनीताल पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, स्मैक तस्कर, शराब तस्कर और सट्टेबाज समेत तीन गिरफ्तार

हल्द्वानी/लालकुआं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपद में नशे, अवैध शराब और सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से स्मैक, अवैध शराब, सट्टा सामग्री और नकदी बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में की गई कार्रवाई के तहत बिंदुखत्ता और बनभूलपुरा पुलिस ने यह सफलता हासिल की।

बिंदुखत्ता में स्मैक तस्कर गिरफ्तार

चौकी बिंदुखत्ता पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान दयानंद आर्या उर्फ दयाल उर्फ दल्लू निवासी गांधीनगर द्वितीय, बिंदुखत्ता को मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 9.12 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसे उसने सिगरेट के डिब्बे में छिपाकर रखा था।

पूछताछ में आरोपी ने स्मैक ऊधमसिंहनगर के पिपलिया शक्ति फार्म क्षेत्र से खरीदकर स्थानीय युवाओं को बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बनभूलपुरा में सट्टा खिलाते पकड़ा गया आरोपी

उधर, बनभूलपुरा पुलिस ने गौला बाईपास रोड क्षेत्र में छापेमारी कर वसीम पुत्र अजीज मियां निवासी लाइन नंबर-17 बनभूलपुरा को सार्वजनिक स्थान पर सट्टा खिलाते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से सट्टा पर्चियां, पेन, गत्ता और 2020 रुपये नकद बरामद किए गए। उसके खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

96 टेट्रा पैक शराब के साथ एक और गिरफ्तारी

इसी अभियान के तहत थाना बनभूलपुरा पुलिस ने गौला बाईपास रोड स्थित स्लॉटर हाउस के पास से विनोद सोलंकी निवासी जवाहर नगर, बनभूलपुरा को 96 टेट्रा पैक माल्टा ब्रांड देसी मसालेदार शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में नशा तस्करों, शराब कारोबारियों और जुए-सट्टे में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें