धामी सरकार के कौशल विकास अभियान को मजबूती, युवाओं को मिली स्वरोजगार की राह

हल्द्वानी/नैनीताल – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार द्वारा कौशल विकास, स्वरोजगार और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आरसेटी कुंवरपुर, हल्द्वानी में आयोजित 31 दिवसीय टेलर-वूमेन गारमेंट्स (महिला वस्त्र निर्माण) प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद नैनीताल के विभिन्न विकासखंडों एवं क्षेत्रों से कुल 33 युवक-युवतियों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को महिला वस्त्र निर्माण से संबंधित तकनीकी प्रशिक्षण के साथ-साथ स्वरोजगार स्थापित करने के लिए आवश्यक व्यावसायिक एवं उद्यमिता संबंधी कौशल भी प्रदान किए गए।

समापन समारोह में सहायक परियोजना निदेशक एवं जिला मिशन प्रबंधक चंदा फर्त्याल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उपलब्ध सुविधाओं एवं उनके अनुभवों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार किए गए परिधानों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनके कार्य की सराहना की।

उन्होंने कहा कि स्वरोजगार के क्षेत्र में वस्त्र निर्माण एक बेहतर विकल्प बनकर उभर रहा है। यदि प्रशिक्षणार्थी अपने कौशल का सही उपयोग करें तो वे न केवल स्वयं आत्मनिर्भर बन सकते हैं, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराने में सक्षम होंगे। उन्होंने संस्थान को सभी प्रशिक्षणार्थियों का नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार स्थापित करने में आवश्यक सहयोग मिल सके।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आत्मविश्वास विकसित करने, सकारात्मक सोच अपनाने, सफल उद्यमी बनने के गुणों तथा व्यवसाय संचालन की बारीकियों से भी अवगत कराया गया। साथ ही सफल उद्यमियों के अनुभव साझा कराए गए और बैंकिंग एवं वित्तीय साक्षरता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।

विशेषज्ञों ने प्रशिक्षणार्थियों को बताया कि कौशल और आत्मविश्वास के बल पर स्वरोजगार के क्षेत्र में बेहतर संभावनाएं मौजूद हैं। उचित मार्गदर्शन और मेहनत के माध्यम से युवा अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ-साथ समाज में रोजगार सृजन की भूमिका भी निभा सकते हैं।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कौशल विकास, रोजगार सृजन और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है। कार्यक्रम से जुड़े प्रतिभागियों को उम्मीद है कि प्रशिक्षण से प्राप्त कौशल उनके भविष्य को नई दिशा देगा और उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद करेगा।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें