काशीपुर में दर्दनाक हादसा, पांचवीं शादी की सालगिरह से पहले युवक की मौत

काशीपुर – काशीपुर में शादी की सालगिरह से एक दिन पहले हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। दोस्तों के साथ कालागढ़ घूमने गया युवक घर लौटते समय सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार कुंडा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भरतपुर निवासी लकी प्रभाकर अपने तीन दोस्तों के साथ रविवार को बाइक से कालागढ़ क्षेत्र में रामगंगा नदी में नहाने गया था। बताया जा रहा है कि लौटते समय अफजलगढ़ क्षेत्र के मानियावाला गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में लकी गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। युवक की मौत की खबर से गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

ग्राम प्रधान के अनुसार लकी प्रभाकर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और कुंडा चौराहे के पास मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाता था। उसके पिता मजदूरी करते हैं, जबकि माता अस्वस्थ बताई जा रही हैं।

परिजनों ने बताया कि लकी की शादी को पांच वर्ष पूरे हो चुके थे और सोमवार को उसकी शादी की वर्षगांठ थी। सालगिरह से ठीक पहले हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और खतरनाक मोड़ों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें