उत्तराखंड के 10 जिलों से गुजरेगी हिमालयन MTB रेस, 26 नवंबर को मसूरी में होगा समापन

हल्द्वानी/मुक्तेश्वर – उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध लोकसंस्कृति और साहसिक पर्यटन को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 को लेकर मुक्तेश्वर में भव्य गाला डिनर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लाइव माध्यम से जुड़े और अपने संबोधन में प्रतियोगिता को प्रदेश के पर्यटन एवं सांस्कृतिक विकास के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज जैसे आयोजन राज्य के विभिन्न जनपदों, घाटियों और नगरों को एक सूत्र में पिरोने का कार्य कर रहे हैं। इन आयोजनों के माध्यम से देश-दुनिया के लोगों को उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक खानपान, रीति-रिवाजों और स्थानीय परंपराओं से रूबरू होने का अवसर मिलता है। साथ ही ये आयोजन ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को बढ़ावा देने और स्थानीय उत्पादों व पर्यटन स्थलों की पहचान मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने बताया कि यह रोमांचक साइकिलिंग प्रतियोगिता प्रदेश के 10 जनपदों से होकर कुल 658 किलोमीटर का सफर तय करेगी और 26 नवंबर को मसूरी में संपन्न होगी। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से करीब 80 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सीएम धामी ने कहा कि ऐसे आयोजनों में शामिल होने वाले देश-विदेश के आगंतुक उत्तराखंड की कला, संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी घाटियों और जैव विविधता को करीब से जानने का अवसर प्राप्त करते हैं। इससे प्रदेश को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलती है और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार तथा स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन उत्तराखंड को साहसिक पर्यटन के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

लोकसंस्कृति की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम में प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने पहुंचे साइकिलिस्टों, अतिथियों और आयोजन से जुड़े लोगों का स्वागत किया गया। इस दौरान संकल्प ग्रुप, कुमाऊं सांस्कृतिक उत्थान समिति खुरपटल और नई दिशाएं नैनीताल के कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक देखने को मिली।

राजुला-मालूशाही की प्रेमगाथा ने किया मंत्रमुग्ध

उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोक प्रेमगाथा राजुला-मालूशाही पर आधारित नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। कलाकारों ने राजुला और मालूशाही के प्रेम, समर्पण, संघर्ष और विरह की भावनाओं को नृत्य एवं संगीत के माध्यम से जीवंत किया। वहीं ‘तेरो नथुली को डोर’ गीत पर प्रस्तुत छपेली लोकनृत्य ने भी खूब तालियां बटोरीं। पारंपरिक वेशभूषा, मधुर लोकधुनों और आकर्षक नृत्य मुद्राओं ने कुमाऊं की लोकसंस्कृति की अनूठी छटा बिखेरी।

कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय, महाप्रबंधक मनीष सिंह, सीआईएफ के संयुक्त सचिव शैलेन्द्र पाठक, पर्यटन विकास परिषद के सदस्य नितिन राणा, गिरधर मनराल सहित प्रतियोगिता के प्रतिभागी और अन्य लोग मौजूद रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें