मुक्तेश्वर – उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुक्तेश्वर से साइकिल रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। करीब 658 किलोमीटर की यह रोमांचक यात्रा प्रदेश के 10 जनपदों से होकर गुजरेगी और 26 नवंबर को मसूरी में संपन्न होगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है कि प्रदेश में इस तरह के साहसिक खेल आयोजनों को बढ़ावा दिया जा रहा है। मुक्तेश्वर से इस आयोजन की शुरुआत होना भी विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि शासन में सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल इस आयोजन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। पूर्व में जिलाधिकारी रहते हुए उन्होंने कुमाऊं की संस्कृति, परंपराओं और पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों को एक गुलदस्ते की तरह जोड़कर विकास की दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों को आपस में जोड़ने के साथ ही उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
उल्लेखनीय है कि अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 की शुरुआत 20 नवंबर को मुक्तेश्वर से हुई है। प्रतिभागी साइकिलिस्ट प्रदेश के 10 जनपदों से गुजरते हुए लगभग 658 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। इस रोमांचक रेस का समापन 26 नवंबर को मसूरी में होगा।
कार्यक्रम में सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल, केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय, केएमवीएन प्रबंधक मनीष सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, पर्यटन विकास परिषद सलाहकार समिति के सदस्य नितिन राणा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्य सहित एफसीआई के पदाधिकारी उपस्थित रहे।











