सात फेरों से पहले बिगड़ा रिश्ता, दुल्हन पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने शुरू की जांच

बिंदुखत्ता/लालकुआं – बिंदुखत्ता में बृहस्पतिवार को एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब सात फेरों की रस्म से ठीक पहले दूल्हा मंडप छोड़कर जाने लगा। दुल्हन पक्ष ने आरोप लगाया कि दहेज में कार की मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने दूल्हे को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद देर रात तक लालकुआं कोतवाली में दोनों पक्षों के बीच विवाद चलता रहा।

जानकारी के अनुसार, बिंदुखत्ता निवासी युवती का विवाह कालाढूंगी क्षेत्र के एक गांव के युवक के साथ तय हुआ था। दोनों के बीच पिछले करीब एक वर्ष से मोबाइल पर बातचीत हो रही थी। बृहस्पतिवार को बरात धूमधाम से बिंदुखत्ता पहुंची। नाश्ते-खाने और जयमाला की रस्में भी हंसी-खुशी संपन्न हुईं।

बताया गया कि जैसे ही मंडप में सात फेरों की तैयारी शुरू हुई, दूल्हे ने अचानक शादी करने से इनकार कर दिया। उसने युवती पर इधर-उधर देखने का आरोप लगाते हुए विवाह से मना कर दिया। वहीं, युवती पक्ष का आरोप है कि दहेज में कार की मांग पूरी न होने के कारण दूल्हे ने यह कदम उठाया। दूल्हे के शादी से इनकार करने के बाद बराती भी धीरे-धीरे मौके से चले गए।

ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस चौकी पहुंचाया

दूल्हे के अचानक शादी से मुकरने पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने उसे पकड़कर बिंदुखत्ता पुलिस चौकी पहुंचा दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद चौकी प्रभारी गौरव जोशी दूल्हे को लालकुआं कोतवाली ले आए। दुल्हन पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि दूल्हे को हिरासत में लिया गया है। दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बनने पर तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

एसपी क्राइम नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि शादी समारोह में विवाद की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों को कोतवाली लाया गया है। दुल्हन पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें