कभी बैंक खाते पर सेंध तो कभी बेटे के नाम पर ठगी, दो महिलाओं को लगाया लाखों का चूना

हल्द्वानी। शहर में साइबर अपराधियों का जाल लगातार फैलता जा रहा है। ठगों ने दो महिलाओं को निशाना बनाकर कुल 4.17 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। एक मामले में साइबर अपराधियों ने महिला को उसका बेटा मध्य प्रदेश में कस्टडी में होने और उसे छुड़ाने के नाम पर डराया। इसके बाद डिजिटल अरेस्ट का दबाव बनाते हुए 1.75 लाख रुपये ठग लिए। वहीं, दूसरे मामले में नवाबी रोड निवासी महिला के बैंक खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 2.42 लाख रुपये निकाल लिए गए। दोनों मामलों में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

केस-एक : बैंक खाते से तीन बार में निकाले 2.42 लाख रुपये

नवाबी रोड निवासी महिला ने हल्द्वानी कोतवाली में दर्ज प्राथमिकी में बताया कि बीती पांच नवंबर को साइबर ठगों ने मुखानी स्थित बैंक में उसके खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से 2.42 लाख रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर खाते से रकम निकलने का संदेश देखते ही महिला के होश उड़ गए। उसने आनन-फानन में साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई और ठगों के मोबाइल नंबर सहित अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई। इस मामले में पुलिस ने 19 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

केस-दो : बेटे के कस्टडी में होने का झांसा देकर मां को डराया

बनभूलपुरा कोतवाली क्षेत्र के लाइन नंबर-18, आजादनगर निवासी महिला को बीती 15 नवंबर को दिन में एक फोन कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को अधिकारी बताते हुए महिला से पूछा कि क्या उसका बेटा मध्य प्रदेश में पढ़ता है। महिला के हां कहने पर कॉलर ने दावा किया कि उसका बेटा कस्टडी में है और उसने कोई जुर्म किया है। उसे छुड़ाने के लिए 1.75 लाख रुपये की मांग की गई।

बेटे के कस्टडी में होने की बात सुनकर महिला घबरा गई। आरोप है कि कॉलर ने उसे डिजिटल अरेस्ट करने का भी प्रयास किया। ठगों के झांसे में आकर महिला ने पहले 1.15 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद जब उसने बेटे से बात कराने को कहा तो फोन पर उसे बेटे जैसी आवाज में रोने की आवाज सुनाई दी। इससे घबराकर महिला ने शेष रकम भी ट्रांसफर कर दी। बाद में जब उसने अपने बेटे से सीधे फोन पर बात की तो उसे साइबर ठगी का अहसास हुआ।

एसपी सिटी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि साइबर ठगी के दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान कॉल पर घबराकर पैसे ट्रांसफर न करें। किसी के साथ ओटीपी या बैंक से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी व्यक्ति के कस्टडी में होने या पुलिस कार्रवाई का हवाला देकर पैसे मांगने पर पहले संबंधित व्यक्ति और पुलिस से आधिकारिक तौर पर पुष्टि अवश्य करें।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें