ओखलकांडा से रामगढ़ तक फसल नुकसान का जायजा, मंत्री कैड़ा बोले—किसानों को हर संभव मदद मिलेगी

भीमताल। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बुधवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी, सुंदरखाल, सुंदरनगर, दाड़ीम, ओड़ाखान, तल्ला रामगढ़, झूतिया, बोहराकोट और डाकबंगला सहित विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा हाल ही में हुई ओलावृष्टि और आंधी-तूफान से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री कैड़ा ने कहा कि बेमौसमी बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी के कारण क्षेत्र के किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने बताया कि भीमताल विधानसभा के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल क्षेत्र में किसानों की आड़ू, प्लम, खुमानी, मटर, मिर्च, टमाटर और आलू जैसी फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। कई किसानों की पूरी फसल नष्ट हो गई है, जिससे उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने जिलाधिकारी नैनीताल से वार्ता कर कृषि एवं उद्यान विभाग की टीमों को गांव-गांव भेजकर फसलों के नुकसान का तत्काल आकलन कराने और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने क्षेत्रीय अधिकारियों को फोन पर निर्देशित करते हुए ग्रामीणों की अन्य समस्याओं का भी शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

दौरे के दौरान ग्रामीणों ने मंत्री के समक्ष सड़क, पेयजल और कृषि से जुड़ी कई समस्याएं भी रखीं, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें