लालकुआं – नगर के टैक्सी स्टैंड क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक टैक्सी चालक अपनी ही गाड़ी के अंदर मृत अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार बागेश्वर नंबर की टैक्सी UK02TA3059 काफी देर से स्टैंड पर खड़ी थी, लेकिन चालक की ओर से कोई हलचल दिखाई नहीं दे रही थी। संदेह होने पर आसपास मौजूद लोगों ने वाहन के पास जाकर देखा तो चालक सीट पर एक व्यक्ति बेसुध हालत में पड़ा मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही लालकुआं कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने 108 एंबुलेंस सेवा और फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया। चिकित्सकीय जांच के बाद चालक को मृत घोषित कर दिया गया।
मृतक की पहचान मदन राम (42 वर्ष) निवासी ग्राम आरे, थाना एवं जिला बागेश्वर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह वर्तमान में हल्द्वानी के दमुवाढूंगा क्षेत्र में रहकर टैक्सी संचालन का कार्य करता था। मृतक अपने पीछे दो बेटियां और एक पुत्र छोड़ गया है।
घटना के बाद टैक्सी स्टैंड क्षेत्र में दहशत और चर्चाओं का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में टैक्सी चालक और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है, जबकि फॉरेंसिक टीम वाहन और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।











