प्रशासन के औचक निरीक्षण में सामने आईं बड़ी लापरवाहियां, कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश

नैनीताल। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर बुधवार को जनपद के शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, बाल विकास, स्थानीय निकाय एवं पैक्स सोसाइटी विभागों में संबंधित परगनाधिकारियों एवं तहसीलदारों द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई विभागों में गंभीर अनियमितताएं और कर्मचारियों की अनुपस्थिति सामने आई, जिस पर प्रशासन ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

निरीक्षण के दौरान राजकीय प्राथमिक विद्यालय धारी में शिक्षिका सीमा कौर अनुपस्थित पाई गईं, जबकि आंगनबाड़ी केंद्र धारी में आंगनबाड़ी कार्यकर्ती चांदनी जन्तवाल अनुपस्थित मिलीं।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जगदीश चंद्र पटपटिया, कनिष्ठ सहायक सिद्धार्थ चावला और सफाई कर्मचारी अंकित कुमार अनुपस्थित पाए गए। प्रशासन ने बताया कि डॉ. पटपटिया पूर्व में भी अनुपस्थित पाए जा चुके हैं, जिस पर उपजिलाधिकारी कैंचीधाम द्वारा उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है।

33/11 केवी विद्युत केंद्र गरमपानी में दूरभाष सेवा बंद पाई गई, जिसे तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। वहीं खैरना स्थित मोक्षधाम मार्ग के आसपास कूड़ा बिखरा मिला, जिस पर जिला पंचायत को सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए।

राजकीय प्राथमिक विद्यालय (कन्या) काठगोदाम में मिड-डे मील की गुणवत्ता खराब पाई गई। निरीक्षण के दौरान मूंग की दाल निम्न गुणवत्ता की मिली तथा सब्जी में टमाटर का उपयोग नहीं किया गया था। प्रशासन ने भोजन की गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए।

अस्पताल परिसर में लिफ्ट के सामने दोपहिया वाहन खड़े होने से मरीजों और तीमारदारों को परेशानी होती पाई गई। साथ ही बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन व्यवस्था में भी सुधार की आवश्यकता बताई गई।

राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय पदमपुरी में डॉ. विनोद शर्मा तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पदमपुरी में एएनएम सोनी सेलवाल अनुपस्थित पाई गईं। ग्रामीण क्षेत्रों में नालियों और नालों की सफाई भी संतोषजनक नहीं पाई गई।

परगनाधिकारी नैनीताल की रिपोर्ट में फांसी गधेरा क्षेत्र में सीवर लीकेज की समस्या सामने आई, जिस पर जल संस्थान को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग कार्यालय नैनीताल में शिकायत पंजिका व्यवस्थित नहीं पाई गई और भुगतान कार्यालय बंद मिला। जानकारी में सामने आया कि संबंधित कर्मचारी चाबी घर पर भूल गया था, जिस पर स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए गए।

नैनी झील में मिलने वाले ब्रिटिश कालीन नालों की सफाई कार्य मानसून से पहले शुरू नहीं किया गया था, जिस पर सिंचाई विभाग को फटकार लगाई गई। वहीं नगर पालिका परिषद नैनीताल द्वारा संचालित रैन बसेरे में साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई।

रामनगर संयुक्त चिकित्सालय के निरीक्षण में मरीजों को कुछ दवाइयां बाहर से लिखे जाने की शिकायत सामने आई। जबकि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय छोई में खनन न्यास से उपलब्ध कराए गए ट्रैक सूट और जूतों का वितरण अब तक नहीं किया गया था।

कालाढूंगी आंगनबाड़ी केंद्र में निरीक्षण के दौरान ताला लगा मिला। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी में उपस्थिति पंजिका में अनियमितता पाई गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने एंटी रैबीज इंजेक्शन और अन्य आवश्यक दवाओं की कमी की भी जानकारी दी।

प्रशासन ने निरीक्षण में पाई गई सभी कमियों को तत्काल दूर करने, अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों का स्पष्टीकरण लेने तथा आवश्यक विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें