लालकुआँ/नैनीताल – उत्तराखंड में माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के धर्मांतरण पर जीरो टॉलरेंस के विजन को आगे बढ़ाते हुए नैनीताल पुलिस ने एक गंभीर मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। एसएसपी नैनीताल डॉ0 मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर नाबालिग से छेड़छाड़, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और AI तकनीक से अश्लील वीडियो बनाकर धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, लालकुआँ क्षेत्र की एक नाबालिग पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि लगभग दो माह पूर्व इंस्टाग्राम पर एक फर्जी आईडी के माध्यम से उससे संपर्क किया गया। आरोपी ने बातचीत के दौरान उसका भरोसा जीतकर निजी जानकारी हासिल की और बाद में मोबाइल नंबर प्राप्त कर लगातार संपर्क में रहने लगा।
आरोपी द्वारा पीड़िता के साथ छेड़छाड़ की गई और उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर आरोपी ने AI तकनीक का इस्तेमाल कर अश्लील वीडियो तैयार करने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी। घटना के समय पीड़िता नाबालिग थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ0 मंजुनाथ टीसी ने तत्काल FIR दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने कोतवाली लालकुआँ में मु0अ0सं0 69/26 धारा 78/79 बीएनएस, 7/8 पोक्सो एक्ट तथा धारा 3(1)/5(1) उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता संशोधन अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी लालकुआँ/हल्द्वानी अमित सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। सर्विलांस और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस ने अभियुक्त को लालकुआँ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
इब्राहिम पुत्र नजीर अहमद, निवासी ग्राम सरकरा, थाना बाजपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर (उम्र 27 वर्ष)
पुलिस टीम:
उ0नि0 वंदना चौहान, उ0नि0 जोगेन्द्र यादव, का0 दिलीप कुमार, का0 कमल बिष्ट, का0 अशोक कम्बोज, का0 जितेन्द्र बिष्ट
एसएसपी नैनीताल डॉ0 मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जनपद में धर्मांतरण से जुड़े किसी भी अपराध पर पूर्ण जीरो टॉलरेंस नीति लागू है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ तत्काल व कठोर कार्रवाई कर उन्हें सीधे जेल भेजा जाएगा।











