सितारगंज में राजनीतिक माहौल गर्म,पट्टा विवाद पर सियासी पारा चढ़ा

सितारगंज – कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के सितारगंज दौरे के दौरान बंगाली समुदाय के पट्टों के निरस्तीकरण का मुद्दा प्रमुख रूप से उभरा। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 400 पट्टों को निरस्त किए जाने के मामले में सरकार को जवाब देना चाहिए और यह कदम समुदाय के साथ अन्याय है।

रविवार को आयोजित कार्यक्रम में स्वागत समारोह के बाद पार्टी पदाधिकारियों और पर्यवेक्षकों के साथ बैठक एवं मंथन भी किया गया। इस दौरान अपने संबोधन में गणेश गोदियाल ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सत्ताधारी दल लोगों को गुमराह कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय विधायक और मंत्री ने भी इस मामले में समुदाय का साथ देने के बजाय पट्टे निरस्त करने में सहयोग किया।

गोदियाल ने स्पष्ट किया कि उनके द्वारा बंगाली समुदाय के खिलाफ कोई आपत्तिजनक टिप्पणी या पोस्ट नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि यदि उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप सही हैं तो संबंधित लोग उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करें।उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था, अंकिता भंडारी प्रकरण और काशीपुर में किसान आत्महत्या के मुद्दे को भी उठाते हुए सरकार को घेरा।

कार्यक्रम में मौजूद भुवन कापड़ी, गोपाल सिंह राणा, राजकुमार ठुकराल और नारायण पाल सहित अन्य नेताओं ने भी भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना की और बंगाली समुदाय के समर्थन में आवाज उठाई।

नेताओं ने कहा कि समुदाय के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस लगातार संघर्ष करेगी और इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। पूरे आयोजन में बंगाली समुदाय के मुद्दे को लेकर राजनीतिक माहौल गर्माया रहा।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें