नैनीताल में बिना सत्यापन काम नहीं, पर्यटन से पहले प्रशासन सख्त….

नैनीतालआगामी पर्यटन सीजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देने और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं, ताकि आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

सत्यापन अनिवार्य, अवैध गतिविधियों पर सख्ती

प्रशासन ने साफ किया है कि टैक्सी चालकों, नाव संचालकों, घोड़ा संचालकों और होटल कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य होगा। बिना सत्यापन के किसी को भी पर्यटन गतिविधियों में शामिल नहीं किया जाएगा। साथ ही अवैध होमस्टे, बिना पंजीकरण गाइड और सड़क किनारे अवैध ठेले-फड़ लगाने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

ट्रैफिक और परिवहन व्यवस्था पर विशेष फोकस

भीमताल, भवाली और कैंचीधाम क्षेत्रों में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखने के लिए विशेष प्लान तैयार किया जाएगा। शटल सेवा के किराए तय कर प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित किए जाएंगे। साथ ही सभी टैक्सी वाहनों में किराया सूची चस्पा करना अनिवार्य होगा।
बाहरी वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित करने और सड़क किनारे पार्किंग पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर तत्काल चालान की कार्रवाई की जाएगी।

पार्किंग, शटल सेवा और मूलभूत सुविधाएं मजबूत होंगी

रूसी बाईपास समेत सभी पार्किंग स्थलों पर पेयजल, शौचालय, बिजली और प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शटल सेवा स्थलों पर भी यात्रियों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर जोर

जिलाधिकारी ने साफ कहा कि पर्यटन के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी प्राथमिकता होगी। सभी टैक्सी वाहनों में डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है और प्लास्टिक व पॉलीथिन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा। झील और प्राकृतिक सौंदर्य को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत

नैनीताल, भीमताल और कैंचीधाम क्षेत्रों में क्यूआरटी टीम द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी। पुलिस बल, चीता बाइक और पीए सिस्टम के जरिए निगरानी बढ़ाई जाएगी ताकि पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

होटल और होमस्टे की होगी जांच

प्रशासन ने सभी होटल और होमस्टे का संयुक्त निरीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि उनकी क्षमता के अनुसार ही पर्यटकों को ठहराया जा सके और भीड़ व ट्रैफिक की समस्या न बढ़े।

कंट्रोल रूम और बिजली व्यवस्था पर भी ध्यान

पर्यटन सीजन के दौरान नैनीताल तहसील में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। वहीं विद्युत आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित विभाग को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि पर्यटकों को बेहतर अनुभव देना और नैनीताल की प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें