केदारनाथ यात्रा का शुभारंभ, पीएम मोदी के नाम से हुई पहली पूजा….

रुद्रप्रयाग/केदारनाथउत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार सुबह शुभ मुहूर्त में विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही पूरा धाम “हर-हर महादेव” और “जय बाबा केदार” के जयघोष से गूंज उठा। इस पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे और केदारनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया।

कपाटोद्घाटन के मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी पत्नी के साथ धाम पहुंचे और विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि केदारनाथ सहित चारों धाम राज्य की आध्यात्मिक पहचान हैं और सरकार तीर्थयात्रियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने यात्रा व्यवस्थाओं—स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा और यातायात—को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के लिए कहा।

कपाट खुलने के साथ ही पहली पूजा नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न हुई। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर श्रद्धालुओं से पांच संकल्प अपनाने की अपील की, जिनमें स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सेवा भावना, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना और यात्रा नियमों का पालन शामिल है।

धाम को लगभग 51 कुंतल फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया था। कपाट खुलते ही हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई, जिसने पूरे वातावरण को और भी भक्तिमय बना दिया। देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु इस दिव्य क्षण के साक्षी बने।

इससे पूर्व बाबा केदार की पंचमुखी डोली ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से रवाना होकर कठिन पैदल मार्ग तय करते हुए केदारपुरी पहुंची। रास्ते में जंगलचट्टी, रामबाड़ा, लिनचोली और बेस कैंप होते हुए डोली का श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। मंदिर पहुंचने पर डोली की परिक्रमा और विधिवत पूजा संपन्न कराई गई।

पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस और आईटीबीपी के जवान तैनात रहे। कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव केदारनाथ में भक्तों की आवाजाही तेज हो गई है और आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें