नैनीताल – नैनीताल-उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने जनपद नैनीताल के ओखलकांडा विकासखंड स्थित पुटपुड़ी (तुसराड़) में बने प्राचीन देवगुरु मंदिर में मोबाइल नेटवर्क और बिजली सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भारतीय दूरसंचार सेवा के प्रधान महाप्रबंधक संजय प्रसाद को पत्र भेजकर शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया है।
सांसद ने अपने पत्र में बताया कि देवगुरु मंदिर क्षेत्र का एक प्रमुख आस्था केंद्र है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मान्यता है कि यहां बृहस्पति देव का वास है और भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। हाल ही में पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती का भी मंदिर में आगमन हुआ था, जिससे इस स्थान की धार्मिक महत्ता और स्पष्ट होती है।
उन्होंने बताया कि मंदिर में अब तक दूरभाष और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, जो एक गंभीर विषय है। मंदिर से जुड़े संत प्रेमानंद और पूर्व राजस्व अधिकारी भुवन चन्द्र कफल्टिया ने भी इस समस्या से अवगत कराया है।
सांसद ने मांग की है कि मंदिर परिसर में सोलर आधारित 4G BTS मोबाइल टॉवर स्थापित किया जाए और बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को सुविधा मिल सके। उन्होंने इसे जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बताते हुए जल्द समाधान की आवश्यकता जताई है।









