हरिद्वार- नगर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला के साथ होटल के कमरे में यौन शोषण का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑटो चालक, कार चालक और होटल मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, शनिवार रात महिला हरिद्वार बस अड्डे के पास पहुंची, जहां वह एक ऑटो में बैठी। कुछ दूरी तय करने के बाद ऑटो चालक ने उसे एक कार में बैठा दिया। आरोप है कि कार चालक उसे बहाने से शिवमूर्ति गली स्थित सुकून गेस्ट हाउस ले गया। बताया जा रहा है कि ऑटो चालक भी पीछे-पीछे गेस्ट हाउस पहुंच गया। आरोप है कि होटल के कमरे में ले जाकर महिला के साथ दुष्कर्म किया गया। किसी तरह वहां से निकलकर महिला नगर कोतवाली पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने श्याम और अंकित पर दुष्कर्म तथा गोविंदा पर सहयोग करने का आरोप दर्ज किया। साथ ही यह भी सामने आया कि होटल मैनेजर ने बिना आईडी प्रूफ लिए और रजिस्टर में एंट्री किए बिना कमरा उपलब्ध कराया, जो नियमों का उल्लंघन है। नगर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर टीम गठित कर जांच शुरू की गई। रविवार को अंकित वर्मा, श्याम साहू और होटल मैनेजर गोविंदा सिंह को घोड़ा घाट क्षेत्र की नहर पटरी से गिरफ्तार किया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और होटल संचालन से जुड़े नियमों की भी समीक्षा की जा रही है।











