होली हमारी सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी….

काशीपुरकाशीपुर नगर निगम परिसर में आयोजित रंगोत्सव होली मिलन समारोह में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता कर जनसमुदाय के साथ होली की खुशियां साझा कीं। समारोह में उपस्थित लोगों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने पारंपरिक कुमाऊँनी होली, शास्त्रीय होली और भजन गायन में भाग लेते हुए सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का पावन अवसर है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध लोक परंपराओं को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने बचपन की होली की यादें साझा करते हुए कहा कि गांव की सामूहिक होली में न ऊंच-नीच का भेद होता था और न ही छोटे-बड़े का अंतर। ढोल-दमाऊं और हुड़के की थाप पर गाए जाने वाले होली गीत पूरे वातावरण को भक्ति और उल्लास से भर देते थे। उन्होंने कहा कि आज भी वही एकता और उत्साह देखकर मन प्रफुल्लित हो उठता है।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि आधुनिकता के साथ आगे बढ़ते हुए अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ाव बनाए रखें। उन्होंने कहा कि जो समाज अपनी सांस्कृतिक जड़ों को संजोकर चलता है, वही सशक्त और समृद्ध बनता है।

मुख्यमंत्री ने काशीपुर के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि 133 एकड़ क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क विकसित किया जा रहा है, जिसमें 16 औद्योगिक इकाइयों का आवंटन हो चुका है। काशीपुर-रामनगर राजमार्ग के चौड़ीकरण के लिए 494 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं और 3 किलोमीटर लंबा मिनी बाईपास भी शुरू हो चुका है।

इसके अलावा, लगभग 1950 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल, सीवरेज, सड़क सुधार और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के कार्य प्रगति पर हैं। 1100 करोड़ रुपये की औद्योगिक हब परियोजना और 100 करोड़ रुपये की अरोमा पार्क परियोजना पर भी कार्य जारी है।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों के साथ होली खेलकर सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। समारोह में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें