हल्द्वानी रोड एक्सीडेंट: सिस्टम की चूक ने ली जान……..

हल्द्वानीशहर में बेलगाम भारी वाहनों और अव्यवस्थित ट्रैफिक प्रबंधन के बीच एक और बुजुर्ग की जान चली गई। पंचक्की रोड स्थित अंबिका विहार के पास रानीबाग चित्रशिला घाट से अंत्येष्टि में शामिल होकर लौट रहे 70 वर्षीय सुरेश चंद्र पांडे को कैंटर ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

डेढ़ माह में दो मौतें, फिर भी नहीं चेता सिस्टम

स्थानीय लोगों का आरोप है कि आबादी वाले क्षेत्रों में भारी वाहनों की बेरोकटोक आवाजाही लगातार हादसों को न्योता दे रही है। बीते करीब डेढ़ माह में रिहायशी इलाकों में भारी वाहनों की चपेट में आकर दो लोग जान गंवा चुके हैं। इसके बावजूद पुलिस और प्रशासन की ओर से प्रभावी रोकथाम नहीं की गई।

आयुक्त के निर्देश भी रहे बेअसर

बताया गया कि कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने 9 फरवरी को जिलाधिकारी को पत्र लिखकर कालाढूंगी रोड पर बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए थे। विडंबना यह रही कि जिस कैंटर से सुरेश पांडे की मौत हुई, वह कालाढूंगी रोड की ओर ही जा रहा था।

स्थानीय कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने भी पूर्व में संभावित हादसों को लेकर पुलिस को चेताया था, लेकिन उस पर भी अमल नहीं हुआ।

‘कमाई’ के आरोपों से गरमाई सियासत

रिहायशी क्षेत्रों में भारी वाहनों की लगातार आवाजाही को लेकर लोगों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बिना किसी संरक्षण या मिलीभगत के ऐसे वाहन मुख्य मार्गों से आंतरिक सड़कों पर नहीं पहुंच सकते। आरोप है कि इन वाहनों से कथित रूप से अवैध कमाई हो रही है, इसलिए सख्ती नहीं की जा रही।

प्रशासन का जवाब

नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि सिटी मजिस्ट्रेट को विकास कार्यों के दौरान सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षित आवाजाही प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यूयूएसडीए को खुदाई और निर्माण कार्यों में सभी मानकों का पालन करने को कहा गया है, उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही, निर्माण या खुदाई स्थल पर अनिवार्य रूप से बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सवाल अब भी बरकरार

शहर में लगातार हो रहे हादसों ने ट्रैफिक व्यवस्था, विकास कार्यों की निगरानी और भारी वाहनों की एंट्री पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और आबादी वाले क्षेत्रों में भारी वाहनों की आवाजाही पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को अपूरणीय क्षति न उठानी पड़े।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें