कूड़ा निस्तारण से लेकर आवास तक, ग्राम्य विकास योजनाओं पर सीडीओ का फोकस….

रुद्रपुर  मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी ने विकास भवन सभागार में ग्राम्य विकास विभाग द्वारा जनपद में संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM), ग्रामोत्थान (रीप), प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं ग्रामीण स्वच्छता के अंतर्गत रूरल वेस्ट मैनेजमेंट की प्रगति पर गहन चर्चा की गई।

सीडीओ ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने विकास खंडों में कूड़ा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला पंचायतराज अधिकारी एवं अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत से समन्वय कर स्थापित कंपैक्टरों के सुचारू संचालन पर जोर दिया तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़े का पृथकीकरण कर निस्तारण कराने को कहा। साथ ही हाईवे से लगे ग्रामीण क्षेत्रों के लिए विशेष कूड़ा निस्तारण योजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थान पर कूड़ा एकत्रित नहीं होना चाहिए और कूड़ा एकत्र करने वाले वाहनों का नियमित संचालन अनिवार्य किया जाए।

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने सभी लाभार्थियों का समयबद्ध सत्यापन पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को आवास सुविधा से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
मनरेगा के अंतर्गत मानव दिवस बढ़ाने तथा अमृत सरोवरों पर आजीविका से संबंधित गतिविधियों को संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत सीडीओ ने लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति तथा जनपद में स्थापित ग्रोथ सेंटरों के सुचारू संचालन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सभी ग्रोथ सेंटरों का संचालन रीप परियोजना के सहयोग से किया जाए तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आय में वृद्धि और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए उन्हें जागरूक किया जाए।

इसके साथ ही इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर (IFC) पर विशेष फोकस करते हुए अधिक से अधिक लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
DDUGKY की समीक्षा के दौरान सीडीओ ने खंड विकास अधिकारियों को प्रशिक्षण केंद्रों का स्वयं निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए हिमांशु जोशी, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, परियोजना अर्थशास्त्री शैलेंद्र श्रीवास्तव, जिला थीमेटिक एक्सपर्ट सौरभ सक्सेना, विपिन राणा, खंड विकास अधिकारी के.के. कांडपाल, कमल किशोर पांडे, शेखर जोशी, अतिया परवेज, असित आनंद, सीआर आर्य, संजय गांधी सहित मनरेगा, एनआरएलएम एवं रीप परियोजना से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें