हल्द्वानी/बिंदुखत्ता – बिंदुखत्ता में आयोजित लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या लोकगीतों, संगीत और हास्य की रंगारंग प्रस्तुतियों के नाम रही। कार्यक्रम में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। आयोजक मंडल की ओर से आयुक्त को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया।
सांस्कृतिक संध्या में उस समय खास उत्साह देखने को मिला, जब आयुक्त दीपक रावत ने स्वयं मंच से लोकप्रिय कुमाऊंनी गीत ‘लाल चुन्नी कुरती तेरी काली’ प्रस्तुत किया। उनकी इस प्रस्तुति पर दर्शक झूम उठे और पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा। इस दौरान उन्होंने अमर लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके गीतों और उत्तराखंड की लोकसंस्कृति में उनके अमूल्य योगदान को याद किया।
लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
महोत्सव में लोकगायिका खुशी जोशी, लोकगायक जितेंद्र तोमक्याल, राकेश पनेरू और राकेश जोशी ने अपनी प्रस्तुतियों से लोकसंगीत के रंग बिखेरे। वहीं हास्य लोक कलाकार जीवन दानू ने अपनी मनोरंजक प्रस्तुतियों से दर्शकों को खूब हंसाया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर देर तक तालियां गूंजती रहीं और दर्शक लोकधुनों का आनंद लेते नजर आए।
लोकसंस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की पहल
संजय नगर नंबर-1 स्थित सरस्वती शिशु मंदिर मैदान में आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य उत्तराखंड की लोकभाषा, लोकसंगीत, पारंपरिक लोककलाओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। साथ ही अमर लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने और लोकसंस्कृति में उनके योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से भी यह आयोजन किया जा रहा है।











