राष्ट्रीय बालिका दिवस पर बेटियों के हौसलों को मिला सलाम….

रुद्रपुर – राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर ऊधम सिंह नगर जनपद में एक प्रेरणादायी एवं भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बालिकाओं की उपलब्धियों और सशक्तिकरण को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। कार्यक्रम के तहत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल ने राजकीय इंटर कॉलेज बागवाला की छात्रा अनन्या कुमारी को एक दिन के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी का दायित्व सौंपा, जिसे उन्होंने विधिवत पदभार ग्रहण कर निभाया।

इस अवसर पर जिले की 40 मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने शिक्षा, खेल व अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन किया है। इनमें से तीन छात्राएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। कार्यक्रम के दौरान वन दरोगा के पद पर चयनित विशाखा दिवाकर ने अपने संघर्षपूर्ण जीवन की प्रेरक कहानी साझा की। माता-पिता के असमय निधन के बावजूद उन्होंने कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए सफलता प्राप्त की। अपनी कहानी सुनाते हुए वे भावुक हो उठीं, जिससे कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित सभी लोग भावविभोर हो गए।

जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन ने बालिकाओं के अधिकारों, संरक्षण तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल ने कहा कि आज की बालिकाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने पीसीपीएनडीटी अधिनियम के तहत लिंग परीक्षण जैसी अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सरकार की योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सूचना देने पर 50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी के.एस. रावत ने कहा कि बालिकाओं ने शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं और सरकार की विभिन्न योजनाएं उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही हैं।

कार्यक्रम का सफल संचालन बिंदु वासिनी द्वारा किया गया। इस मौके पर जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी नंदिनी तोमर, जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी, रवि प्रजापति, भैरवदत्त पांडे, हिमांशु मुश्योंनी, निधि शर्मा, प्रदीप मेहर सहित अनेक अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें