बीमारी समझकर चल रहा था इलाज, जांच में छह माह की गर्भवती मिली 14 वर्षीय किशोरी

किच्छा – किच्छा कोतवाली क्षेत्र में मानसिक रूप से अस्वस्थ 14 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने का गंभीर मामला सामने आया है। चिकित्सकीय जांच में किशोरी के छह माह की गर्भवती होने की पुष्टि के बाद पुलिस ने उसकी मां की तहरीर पर पड़ोस में रहने वाले युवक के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

पीड़िता की मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी काफी समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले युवक का उनके घर आना-जाना था और वह उन्हें बुआ कहकर बुलाता था। महिला के अनुसार, उनकी बेटी पिछले कुछ महीनों से बीमार चल रही थी। उसका लगातार उपचार कराया जा रहा था, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं हो रहा था।

इसके बाद तीन-चार दिन पहले किशोरी की जांच कराई गई, जिसमें उसके छह माह की गर्भवती होने की जानकारी सामने आई। मां ने आरोप लगाया कि युवक ने किशोरी की मानसिक स्थिति का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि मां की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश की जा रही है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें