हल्द्वानी- शहरी क्षेत्रों में सुलभ और नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम क्षेत्र में रामपुर रोड देवलचौड़ और गौजाजाली में ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ का उद्घाटन बुधवार को हुआ। इस अवसर पर महापौर गजराज बिष्ट ने इन केंद्रों का उद्घाटन किया।
महापौर गजराज बिष्ट ने बताया कि हल्द्वानी-काठगोदाम नगर क्षेत्र में कुल 10 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों में प्रशिक्षित एमबीबीएस डॉक्टरों की टीम द्वारा सामान्य बीमारियों का इलाज, परामर्श और उपचार पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
इन सेवाओं में शामिल हैं:
आवश्यक दवाइयां नि:शुल्क उपलब्ध कराना
गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच
बच्चों का टीकाकरण
वरिष्ठ नागरिकों की नियमित स्वास्थ्य जांच
हृदय रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और कैंसर जैसे गैर-संचारी रोगों की प्राथमिक जांच और परामर्श
महापौर ने यह भी कहा कि ये केंद्र विशेष रूप से उन शहरी क्षेत्रों में स्थापित किए जा रहे हैं, जहां गरीब और श्रमिक वर्ग के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में कठिनाई होती है। इन केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को उनके घर के पास गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी, जिससे समय पर इलाज संभव हो सकेगा और शहरी स्वास्थ्य असमानता को कम किया जा सकेगा।
केंद्रों में डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड सिस्टम लागू किया गया है, जिससे मरीजों का स्वास्थ्य डेटा सुरक्षित रहेगा। साथ ही, टेलीमेडिसिन के माध्यम से विशेषज्ञ डॉक्टरों से ऑनलाइन परामर्श की सुविधा भी दी जाएगी। कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि डॉ. अशोक चौहान ने बताया कि इन केंद्रों का संचालन सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा।इन केंद्रों में न केवल उपचार, बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता, पोषण, स्वच्छता और रोग निवारण से जुड़ी जानकारी भी दी जाएगी।
महापौर ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे नियमित स्वास्थ्य जांच करवाएं और स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक रहें। “स्वस्थ नगर, सुरक्षित नागरिक” का सपना तब साकार होगा जब हर व्यक्ति अपनी सेहत का ध्यान रखेगा।इस उद्घाटन समारोह में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, मंडल अध्यक्ष मधुकर श्रोत्रिय, स्थानीय पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।











