आपदा की हर चुनौती से निपटने की तैयारी, जिले के 14 केंद्रों पर चल रही मॉक ड्रिल

हल्द्वानी – आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए शनिवार सुबह नैनीताल जिले के 14 स्थानों पर एक साथ आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल शुरू हुई। इस दौरान भूकंप, अग्निकांड, शॉर्ट सर्किट, सुरंग में चट्टान टूटने, जलभराव, रासायनिक पदार्थों के रिसाव और भगदड़ जैसी संभावित आपदा परिस्थितियों का कृत्रिम घटनाक्रम तैयार कर राहत एवं बचाव अभियान चलाए जा रहे हैं।

मॉक ड्रिल के तहत बीडी पांडे जिला चिकित्सालय नैनीताल में भूकंप के झटकों और कंपन से उत्पन्न स्थिति, रामदत्त जोशी जिला चिकित्सालय रामनगर में शॉर्ट सर्किट से आग लगने तथा हल्द्वानी के वॉक-वे मॉल में भूकंप के बाद अफरा-तफरी और अग्निकांड से निपटने का अभ्यास किया जा रहा है। जमरानी बांध स्थल पर सुरंग में चट्टान टूटने और जलभराव, लालकुआं स्थित पेपर मिल में रासायनिक पदार्थों के रिसाव तथा कैंचीधाम मंदिर परिसर में भगदड़ की स्थिति से निपटने के लिए राहत-बचाव अभियान संचालित किए जा रहे हैं।

इसके अलावा राजकीय इंटर कॉलेज कालाढूंगी, कसियालेख, गरगड़ी, खैरना, नथुवाखान और भवाली तथा पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज रामनगर और एचएन इंटर कॉलेज हल्द्वानी में भूकंप के बाद उत्पन्न अफरा-तफरी की स्थिति का अभ्यास किया जा रहा है।

निर्धारित स्थलों पर संबंधित उपजिलाधिकारियों और तहसील स्तरीय इंसीडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (आईआरएस) टीमों के नेतृत्व में राहत एवं बचाव अभियान चलाए जा रहे हैं। मॉक ड्रिल में पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन, राजस्व, लोक निर्माण, विद्युत, परिवहन और नगर निकायों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भाग ले रहे हैं।

अभ्यास के दौरान खोज एवं बचाव कार्य, घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार देने और अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया के साथ उपलब्ध संसाधनों तथा विभागों के बीच त्वरित समन्वय की क्षमता को परखा जा रहा है। राहत एवं बचाव कार्यों की ऑनलाइन मोबाइल लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है, जिससे अभ्यास की प्रभावशीलता का आकलन कर आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने आमजन से अपील की है कि मॉक ड्रिल के दौरान किसी भी प्रकार की घबराहट न करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने लोगों से अपुष्ट सूचनाओं को आगे प्रसारित न करने तथा अफवाहों को फैलने से रोकने में सहयोग की अपील की है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें