सेवा, समर्पण और कुशल पुलिसिंग की यादों के साथ विदा हुए डॉ. मंजूनाथ टी.सी. और डॉ. जगदीश चंद्र

हल्द्वानी – स्थानांतरण के बाद नए दायित्व संभालने जा रहे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. और पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र को हल्द्वानी में आयोजित समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों के कार्यकाल, कार्यशैली और योगदान को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. का स्थानांतरण 31वीं वाहिनी पीएसी में हुआ है, जबकि एसपी क्राइम/ट्रैफिक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र अब पुलिस अधीक्षक बागेश्वर की जिम्मेदारी संभालेंगे। समारोह में डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, प्रभावी पुलिस प्रबंधन और मानवीय संवेदनाओं की सराहना की गई। वहीं, डॉ. जगदीश चंद्र के सरल स्वभाव, प्रभावी पुलिसिंग और कुशल यातायात प्रबंधन को भी याद किया गया।

अपने संबोधन में डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस परिवार की एकजुटता और टीम भावना को सफल कार्यकाल का आधार बताया। उन्होंने कहा कि किसी पुलिस अधिकारी के लिए सबसे कठिन क्षण कानून-व्यवस्था या गंभीर अपराध की चुनौती नहीं, बल्कि अपने फोर्स के किसी सदस्य को संकट में देखना होता है। उन्होंने ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में घायल हुए कांस्टेबल पुष्कर रौतेला के उपचार का उल्लेख करते हुए बताया कि पुलिस लाइन और हल्द्वानी क्षेत्र के थाना-चौकी प्रभारियों सहित पुलिसकर्मियों ने तत्परता से सहयोग किया। रक्तदान और लगातार मदद के सामूहिक प्रयासों से पुष्कर रौतेला को उपचार के दौरान संबल मिला और आज वह स्वस्थ हैं।

उन्होंने कहा कि नैनीताल में एसएसपी के रूप में मिली जिम्मेदारियों को पूरा करने में पूरी टीम ने मिलकर काम किया। अलग-अलग दायित्वों में काम करते हुए अनुभव और टीम भावना ही सफलता का आधार बनते हैं।

वहीं, डॉ. जगदीश चंद्र ने अपने लंबे सेवा अनुभव और विभिन्न अधिकारियों व अधीनस्थ कर्मचारियों से मिली सीख साझा की। उन्होंने एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस कार्यों में स्पष्ट ब्रीफिंग, बेहतर संवाद और आपसी सौहार्द से अच्छे परिणाम प्राप्त होते हैं। उन्होंने बताया कि बड़े आयोजनों, कानून-व्यवस्था और संवेदनशील ड्यूटियों के दौरान एसएसपी ने अधीनस्थों पर अनावश्यक दबाव डालने के बजाय स्पष्ट दिशा-निर्देश और विश्वास के साथ काम करने का अवसर दिया। इससे टीम का मनोबल और कार्यक्षमता बेहतर हुई।

समारोह में जनपद के राजपत्रित अधिकारी, थाना और चौकी प्रभारी तथा विभिन्न पुलिस शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे। सभी ने दोनों अधिकारियों को नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें