जनसुनवाई में दीपक रावत ने सुनीं फरियादें, लापरवाह सफाई कर्मियों और निजी अमीनों पर कार्रवाई के निर्देश

हल्द्वानी – आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने शनिवार को कैंप कार्यालय में जनसुनवाई कर आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान नगर निगम की सफाई व्यवस्था, भूमि विवाद, खेती की जमीन पर जबरन कब्जा, मुआवजा, बीमा धनराशि में धोखाधड़ी, ग्राम बजून में सड़क निर्माण और सेवानिवृत्त कर्मचारी के देयकों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। आयुक्त ने अधिकांश मामलों में संबंधित पक्षों को सुनते हुए मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।

वार्डों में सफाई कर्मियों की उपस्थिति की होगी जांच

नगर निगम के कुछ वार्डों के लोगों ने सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग उठाई। इस पर आयुक्त ने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि सभी वार्डों में तैनात सफाई कर्मियों की नियमित उपस्थिति का आकलन कराया जाए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान निर्धारित वार्ड से अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इसके लिए नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

निजी अमीनों द्वारा पैमाइश पर जताई नाराजगी

निजी अमीनों द्वारा भूमि की पैमाइश किए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। राधिका देवी ने शिकायत की थी कि एक निजी अमीन ने उनकी पैतृक संपत्ति का बंटवारा सही ढंग से नहीं किया। मामले में नाराजगी जताते हुए आयुक्त ने आमजन से अपील की कि भूमि की पैमाइश केवल सरकारी अमीन से ही कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि निजी भूमि का सीमांकन करते हुए कोई निजी अमीन मौके पर पाया गया तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

महिला को चार लाख रुपये वापस दिलाने के निर्देश

दमुवांढूगा निवासी प्रेमा देवी ने शिकायत की कि उन्होंने क्षेत्र में एक कमरा चार लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन भवन स्वामी ने न तो उन्हें कमरा दिया और न ही धनराशि वापस की। आयुक्त ने संबंधित विक्रेता को कार्यालय में बुलाकर दोनों पक्षों की बात सुनी। इसके बाद आपसी समझौते के तहत विक्रेता को चार लाख रुपये वापस करने के निर्देश दिए। विक्रेता ने निर्धारित समयसीमा के भीतर धनराशि लौटाने की बात कही।

वन पंचायत गठन से लेकर सेवानिवृत्ति के भुगतान तक की शिकायतें

जनसुनवाई में मुनस्यारी क्षेत्र के लोगों ने वन पंचायत गठन, गोदावरी देवी ने धनराशि वापस दिलाने, सेवानिवृत्त कर्मचारी मदन सिंह बिष्ट ने सेवायोजकों से देयकों का भुगतान कराने तथा सरस्वती कबड़वाल ने भूमि बंटवारे के दौरान तारबाड़ लगाने से रोके जाने की शिकायत रखी। आयुक्त ने क्रमवार सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई एवं समाधान के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें