मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर नैनीताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत, पुलिस बल तैनात

नैनीताल – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित नैनीताल भ्रमण को लेकर नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग की।

ब्रीफिंग के दौरान ड्यूटी प्वाइंट, मुख्यमंत्री के आवागमन वाले रूट, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और डायवर्जन प्लान को लेकर पुलिसकर्मियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर समय से पहले पहुंचकर पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए गए।

एसपी क्राइम/ट्रैफिक ने मुख्यमंत्री के आवागमन वाले मार्ग पर प्रभावी निगरानी रखने के साथ यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। आवश्यकता के अनुसार डायवर्जन और बैरिकेडिंग व्यवस्था को प्रभावी रखने पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर विशेष नजर रखने, वायरलेस संचार व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने तथा सभी टीमों के बीच आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। किसी भी आकस्मिक स्थिति, भीड़ अथवा कानून-व्यवस्था संबंधी समस्या से निपटने के लिए त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

इसके अलावा आपातकालीन सेवाओं और वैकल्पिक मार्गों को सुचारू रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल रिस्पॉन्स देने के निर्देश दिए गए। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को अनुशासन, सतर्कता और आमजन के साथ विनम्र व्यवहार बनाए रखने की भी हिदायत दी गई।

ब्रीफिंग में एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक पुलिस दूरसंचार राजकुमार बिष्ट, प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल राजेंद्र सिंह रावत, प्रभारी निरीक्षक तल्लीताल हरपाल सिंह, प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी अरुण कुमार सैनी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें