कोटद्वार में बढ़ा मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा, लोगों ने की कार्रवाई की मांग

कोटद्वार – जंगल से सटे आबादी वाले क्षेत्रों में गुलदार की लगातार बढ़ती आवाजाही से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। हालात ऐसे हो गए हैं कि शाम ढलते ही गुलदार रिहायशी इलाकों में घूमता नजर आ रहा है। बदरीनाथ मार्ग स्थित मनोहर नगर में कई बार गुलदार घरों के मुख्य गेट तक पहुंच चुका है, जिससे लोगों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कुछ महीनों से शहर में गुलदार की सक्रियता लगातार बढ़ी है। मनोहर नगर क्षेत्र में गुलदार कई आवारा कुत्तों को अपना शिकार बना चुका है, जबकि हाल के दिनों में पालतू कुत्तों पर हमले की घटनाएं भी सामने आई हैं। इससे क्षेत्रवासियों में भय का माहौल बना हुआ है।

सोशल मीडिया पर वायरल सीसीटीवी फुटेज में भी गुलदार घरों के बाहर बेखौफ घूमता दिखाई दे रहा है। उसकी मौजूदगी बुद्धा पार्क और राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास भी कई बार देखी गई है, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों की चिंता बढ़ गई है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि वे कई बार वन विभाग को इस समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लगातार बढ़ रहे खतरे के कारण शाम के समय बच्चों और बुजुर्गों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले गुलदार की गतिविधियां गिवईस्रोत और बुद्धा पार्क तक सीमित थीं, लेकिन अब वह घनी आबादी वाले मोहल्लों तक पहुंचने लगा है। कुछ सप्ताह पूर्व सिद्धबली के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी गुलदार द्वारा एक व्यक्ति पर हमले की घटना सामने आई थी।

क्षेत्रवासियों ने वन विभाग से मांग की है कि गुलदार की बढ़ती सक्रियता को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई जाए, निगरानी के प्रभावी इंतजाम किए जाएं और आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि किसी संभावित अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें