भीमताल/ओखलकांडा – राज्य सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के अंतर्गत सोमवार को विकासखंड ओखलकांडा के रामलीला ग्राउंड, ग्राम नाई में विशाल जनकल्याण एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ उप जिलाधिकारी अनुराग आर्य एवं परियोजना निदेशक शिल्पी पंत ने किया। इस दौरान अधिकारियों ने क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनीं और विभिन्न विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
शिविर में कुल 44 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 38 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। शिविर से करीब 230 लोगों को सीधे लाभान्वित किया गया।
शिविर में ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, सिंचाई, स्वास्थ्य, विद्युत, किसान सम्मान निधि और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। जनप्रतिनिधियों ने राजकीय इंटर कॉलेज नाई में शिक्षकों के रिक्त पद भरने, अतिरिक्त कक्षों के निर्माण, क्षतिग्रस्त भवन की मरम्मत तथा प्राथमिक विद्यालय नाई की छत एवं फर्श की मरम्मत की मांग रखी। इसके अलावा बरमधार प्राथमिक विद्यालय में अतिरिक्त शौचालय निर्माण की मांग भी उठी, जिस पर शिक्षा विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ग्रामीणों ने बरमधार की क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की मरम्मत तथा सौड़ और बरमधार गांवों में पूर्व की भांति समान रूप से पेयजल वितरण सुनिश्चित करने की मांग की। इस पर जल संस्थान के अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति शीघ्र सुचारु करने और विवाद का समाधान करने के निर्देश दिए गए।
शिविर में मोरनोला-नाई सड़क पर पीएमजीएसवाई द्वारा कराए गए हॉटमिक्स कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की गई। साथ ही नाई नहर और अन्य सिंचाई नहरों की मरम्मत तथा क्षेत्र में आयुर्वेदिक चिकित्सालय खोलने की मांग भी रखी गई। सिंचाई विभाग ने बताया कि नहरों की मरम्मत का प्रस्ताव तैयार है और धनराशि मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
शिविर में कृषि, उद्यान, सहकारिता, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, खेल, महिला सशक्तिकरण, उद्योग, खाद्यान्न सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, कृषि यंत्रीकरण, तारबाड़, ड्रिप सिंचाई, उन्नत बीज, मृदा परीक्षण तथा उद्यानिकी योजनाओं की जानकारी दी गई। सहकारिता विभाग ने कम एवं शून्य ब्याज दर पर ऋण योजनाओं की जानकारी देने के साथ दो स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार के लिए ऋण भी वितरित किया।
समाज कल्याण विभाग ने पेंशन एवं छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी, जबकि खेल विभाग ने मुख्यमंत्री उदयमान उन्नयन खिलाड़ी योजना और मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना के बारे में युवाओं को जागरूक किया।
शिविर में पांच लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई। इसके अलावा विभिन्न लाभार्थियों को ₹6.50 लाख के चेक प्रदान किए गए, जिनमें महिला समूह को ₹5 लाख, एक लाभार्थी को खच्चर खरीदने के लिए ₹1 लाख तथा एक अन्य लाभार्थी को ₹50 हजार की सहायता राशि दी गई।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों ने प्रमाण पत्रों का वितरण, स्वास्थ्य परीक्षण, योजनाओं से संबंधित आवेदन स्वीकार करने तथा अन्य जनसेवाएं उपलब्ध कराईं। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग ने भी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए सूचना सामग्री वितरित की।
शिविर में भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेश नयाल, ग्राम प्रधान कमल सिंह नयाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य संजय बरगली, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, तहसीलदार भूपाल सिंह मटियानी, खंड विकास अधिकारी के.एस. सामंत, डीपीआरओ सुरेश प्रकाश बेनी, जिला कृषि अधिकारी निर्मला पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण उपस्थित रहे।











