जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य बोले— पौधा लगाना ही नहीं, उसका संरक्षण भी हमारी जिम्मेदारी

खटीमा – सेवा संकल्प धारणी फाउंडेशन, उत्तराखंड की ओर से ऑक्सीजन पार्क में वृक्षारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और स्थानीय नागरिकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण देने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक संपदा से समृद्ध प्रदेश है और इसकी हरियाली को सुरक्षित रखना हम सभी का दायित्व है।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प धारणी फाउंडेशन की ट्रस्टी गीता पुष्कर धामी के मार्गदर्शन में संस्था समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर सराहनीय कार्य कर रही है। फाउंडेशन सेवा और जनकल्याण की भावना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।

अजय मौर्य ने कहा कि केवल पौधा लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके वृक्ष बनने तक उसकी नियमित देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाएं तथा जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने ‘एक पेड़ माँ के नाम, एक पेड़ आने वाली पीढ़ियों के नाम और एक पेड़ अपनी देवभूमि उत्तराखंड के नाम’ लगाने का सामूहिक संकल्प लिया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा राज्य मंत्री मोहनी पोखरिया, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह, गोपाल सिंह बोरा, सतीश भट्ट सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें