महिला को जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, वायरल वीडियो बना सबूत

हल्द्वानी – टीपी नगर क्षेत्र की नीलांचल कॉलोनी में एक महिला के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को हल्द्वानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का धमकी भरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार 14 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे एक डिलीवरी बॉय पता पूछने के लिए पीड़िता के घर पहुंचा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला सलीक अली पुत्र आफताब हुसैन बिना किसी कारण महिला के साथ गाली-गलौज करने लगा और आपत्तिजनक इशारे किए। विरोध करने पर आरोपी लकड़ी लेकर महिला की ओर दौड़ा तथा जान से मारने और उसकी इज्जत को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।

पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपी पूर्व में भी कई बार उसके तथा उसकी बेटी के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ जैसी हरकतें कर चुका है। घटना के बाद आरोपी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह खुलेआम धमकी देता दिखाई दे रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर एफआईआर संख्या 238/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा कायम किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी सलीक अली को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा नैनीताल पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले अथवा महिलाओं के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तारी टीम में चौकी प्रभारी टीपी नगर मनोज कुमार, महिला उपनिरीक्षक रेनू सिंह, कांस्टेबल हिमांशु जोशी तथा कांस्टेबल धीरेंद्र सिंह अधिकारी शामिल रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें