सांसद अजय भट्ट ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश, जनसेवा शिविर में सुनीं समस्याएं

लालकुआं – आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को विकासखंड हल्द्वानी के अंबेडकर पार्क, लालकुआं में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट तथा उपजिलाधिकारी रेखा कोहली ने लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 70 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 64 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं 390 लोगों को विभिन्न विभागीय योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया गया।

स्वास्थ्य विभाग, आयुर्वेद एवं होम्योपैथी विभाग की ओर से 160 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने छह पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की। कृषि एवं उद्यान विभाग ने किसानों को आधुनिक कृषि एवं बागवानी तकनीकों की जानकारी देने के साथ अनुदान पर कृषि यंत्र, बीज, टूलकिट और अन्य सामग्री उपलब्ध कराई। साथ ही किसानों से विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की गई।

शिविर में ग्रामीणों ने देवरामपुर-हल्दूचौड़ क्षेत्र में सड़क पर अतिक्रमण की समस्या प्रमुखता से उठाई। इस पर लोक निर्माण विभाग ने बताया कि राजस्व विभाग के साथ संयुक्त सर्वेक्षण पूरा हो चुका है तथा अतिक्रमण का चिन्हांकन किया जा रहा है। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सांसद अजय भट्ट ने संबंधित अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर समस्या के समाधान के निर्देश दिए।

इसके अलावा लालकुआं क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या को लेकर अधिक क्षमता के विद्युत ट्रांसफार्मर लगाने की मांग उठी। सांसद अजय भट्ट ने मौके से ही विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता से दूरभाष पर वार्ता कर एक माह के भीतर स्थल चयन कर नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने के निर्देश दिए।

किसानों ने विभिन्न गांवों में खराब पड़े नलकूपों की मरम्मत कर सिंचाई व्यवस्था सुचारु करने की मांग भी रखी। इस पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कर किसानों को राहत देने के निर्देश दिए गए। वहीं किशनपुर क्षेत्र में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए लोक निर्माण एवं सिंचाई विभाग को संयुक्त निरीक्षण कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

शिविर के दौरान सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत जन जागृति कला समिति, बिंदुखत्ता के लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक किया।

इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री योगेश रजवार, नगर पंचायत लालकुआं के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, जिला पंचायत सदस्य दीपा चंदोला, भाजपा मंडल अध्यक्ष रोहित दुमका, खंड विकास अधिकारी असगर तनवीर, नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें