एसएसपी का सख्त संदेश: पर्यटन के नाम पर स्टंटबाजी बर्दाश्त नहीं, होगी कड़ी कार्रवाई

हल्द्वानी – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत काठगोदाम पुलिस ने सड़क पर स्टंटबाजी कर रहे पर्यटकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने चलती कार की खिड़कियों से बाहर लटककर रील बना रहे लखनऊ के पर्यटकों का मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया और वाहन के शीशों पर लगी प्रतिबंधित काली फिल्म भी मौके पर उतरवा दी।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम नैनीताल-हल्द्वानी मोटर मार्ग पर कुछ पर्यटक चलती कार की खिड़कियों से बाहर बैठकर खतरनाक तरीके से वीडियो (रील्स) बना रहे थे। इस दौरान उनकी हरकत से न केवल उनकी स्वयं की जान जोखिम में थी, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई थी।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। चौकी प्रभारी मल्ला काठगोदाम दिलीप कुमार एवं पुलिस टीम ने संबंधित वाहन को रोककर जांच की।

जांच के दौरान वाहन के शीशों पर प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म लगी पाई गई, जिसे पुलिस ने मौके पर ही हटवा दिया। साथ ही सड़क पर स्टंटबाजी एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर वाहन चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

पूछताछ में कार सवारों ने बताया कि वे लखनऊ से नैनीताल घूमने आए थे और वापसी के दौरान सोशल मीडिया के लिए रील बनाने के उद्देश्य से यह खतरनाक स्टंट कर रहे थे। पुलिस ने सभी पर्यटकों को भविष्य में ऐसी जानलेवा गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी।

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि नैनीताल आने वाले सभी पर्यटकों का स्वागत है, लेकिन पर्यटन की आड़ में हुड़दंगबाजी और स्टंटबाजी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। ऐसे मामलों में भारी चालान के साथ वाहन सीज करने और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने जैसी कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

पुलिस ने सभी वाहन चालकों एवं पर्यटकों से यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित यात्रा करने तथा देवभूमि की शांति और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें