रक्तदान कर पेश की इंसानियत की मिसाल, ट्रैफिक इंस्पेक्टर भूपेश पांडे की हर ओर सराहना

हल्द्वानी – मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करते हुए हल्द्वानी के ट्रैफिक इंस्पेक्टर भूपेश पांडे ने कैंसर से पीड़ित एक मरीज की जान बचाने के लिए तत्काल रक्तदान कर मानवता का परिचय दिया। उनके इस सराहनीय कार्य की पुलिस विभाग सहित आमजन ने भी सराहना की है।

जानकारी के अनुसार, सुशीला तिवारी चिकित्सालय में भर्ती एक कैंसर मरीज को अचानक रक्त की आवश्यकता पड़ी। सूचना मिलते ही नियमित रक्तदाता एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े ट्रैफिक इंस्पेक्टर भूपेश पांडे बिना किसी विलंब के अस्पताल स्थित ब्लड बैंक पहुंचे और स्वेच्छा से रक्तदान कर मरीज को समय पर सहायता उपलब्ध कराई।

बताया गया कि ट्रैफिक इंस्पेक्टर भूपेश पांडे लंबे समय से नियमित रूप से रक्तदान करते आ रहे हैं और आवश्यकता पड़ने पर जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। उनका यह मानवीय कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देता है कि समय पर किया गया रक्तदान किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है।

नैनीताल पुलिस ने ट्रैफिक इंस्पेक्टर भूपेश पांडे के इस सराहनीय एवं प्रेरणादायी कार्य की प्रशंसा करते हुए आमजन से भी अधिक से अधिक स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की है, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

पुलिस का कहना है कि “रक्तदान महादान है। आपका एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन की नई उम्मीद बन सकता है।” यही संदेश समाज में अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की आवश्यकता है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें