4 और 5 जुलाई को नैनीताल यात्रा करने वालों के लिए जरूरी सूचना, ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव

हल्द्वानी – वीकेंड के दौरान नैनीताल एवं पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए जिला पुलिस ने 4 एवं 5 जुलाई, 2026 के लिए विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था दोनों दिनों में प्रातः 9:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक प्रभावी रहेगी, जबकि पर्वतीय मार्गों पर प्रातः 6:00 बजे से रात्रि 11:00 बजे तक भारी वाहनों का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस प्रशासन ने आमजन, पर्यटकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन कर यात्रा करें, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

यातायात योजना के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी की ओर आने वाले सभी भारी मालवाहक वाहनों को सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक जनपद की सीमाओं पर ही रोक दिया जाएगा। वहीं जो भारी वाहन पहले से जनपद की सीमा के भीतर होंगे, उन्हें नंबर-1 बैंड से पीछे सड़क के बाईं ओर, एचएमटी क्षेत्र, पुलिस चौकी सलड़ी के अमृतपुर मोड़ के भीतर तथा मैगी प्वाइंट के अंदर निर्धारित स्थानों पर पार्क कराया जाएगा।

मैदानी क्षेत्रों से पर्वतीय इलाकों की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। गोलापार क्षेत्र से आने वाले भारी वाहनों को पुराने आरटीओ फिटनेस सेंटर डिवाइडर के पीछे तथा खेड़ा चौकी के पीछे रोका जाएगा, जबकि कालाढूंगी रोड से आने वाले भारी वाहनों को लामाचौड़ के समीप रोककर आगे बढ़ने की अनुमति निर्धारित समय के बाद ही दी जाएगी।

बरेली रोड से नैनीताल एवं अन्य पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले पर्यटक वाहनों को तीनपानी फ्लाईओवर से गोलापार रोड होते हुए नारिमन तिराहा, काठगोदाम के रास्ते उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। इसी प्रकार रुद्रपुर की ओर से आने वाले पर्यटक वाहन पंतनगर तिराहा-दिनेशपुर मोड़ से एनएच-109 होते हुए पंतनगर, लालकुआं, तीनपानी फ्लाईओवर, गोलापार रोड और नारिमन तिराहा होकर पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाएंगे।

रामनगर और बाजपुर की ओर से आने वाले सभी प्रकार के वाहनों को कालाढूंगी-नैनीताल तिराहे से डायवर्ट कर मंगोली मार्ग के जरिए उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा, जिससे नैनीताल मार्ग पर यातायात का दबाव कम किया जा सके।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 4 और 5 जुलाई को दोपहर 12:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन, जैसे सब्जी, दूध, ईंधन आदि के वाहनों का भी आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

पर्वतीय क्षेत्रों से मैदानी इलाकों की ओर लौटने वाले सभी पर्यटक वाहनों को नारिमन तिराहे से गोलापार रोड के रास्ते उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा।

इसके अलावा सायं 4:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक भवाली के मस्जिद तिराहे तथा नैनीताल से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले सभी पर्यटक वाहनों को नंबर-1 बैंड और रूसी बाईपास-द्वितीय से डायवर्ट कर रूसी बाईपास-प्रथम, मंगोली और कालाढूंगी मार्ग से भेजा जाएगा, ताकि नैनीताल-भवाली मार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

जिला पुलिस ने सभी पर्यटकों, स्थानीय नागरिकों, वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान जारी यातायात एवं डायवर्जन प्लान का पालन करें तथा पुलिस एवं यातायात कर्मियों का सहयोग करें। प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था पर्यटकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने, जाम की समस्या से राहत दिलाने तथा नैनीताल और पर्वतीय क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से लागू की गई है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें