गांव-गांव लगेंगे बहुउद्देशीय शिविर, सेवा पखवाड़े में शासन-प्रशासन करेगा जनता की समस्याओं का समाधान

नैनीताल – राज्य सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” के संकल्प तथा “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद नैनीताल में 4 जुलाई से 18 जुलाई, 2026 तक 15 दिवसीय सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जनपद के विभिन्न विकासखंडों एवं नगर क्षेत्रों में बहुउद्देशीय शिविर लगाकर आमजन को राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए मुख्य विकास अधिकारी नैनीताल को जनपद नोडल अधिकारी नामित किया गया है। प्रत्येक शिविर के लिए नोडल एवं सह-नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जो संबंधित विभागों के समन्वय से कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करेंगे।

सेवा पखवाड़े का शुभारंभ 4 जुलाई को प्रातः 11 बजे विकासखंड भीमताल से राज्य स्तरीय कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के साथ होगा। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।

सेवा पखवाड़े के अंतर्गत रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास, खेल, महिला एवं युवा कल्याण, सैनिक कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, कृषि, उद्यान, पशुपालन, उद्योग, आधारभूत संरचना विकास तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विषयगत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, आवेदन भरवाए जाएंगे तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा शासन और जनता के बीच संवाद को और अधिक मजबूत बनाना है। इसी उद्देश्य से शिविरों में आमजन की शिकायतों और समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। शिविर समाप्त होने के बाद संबंधित अधिकारी क्षेत्र भ्रमण कर ऐसे पात्र व्यक्तियों की पहचान करेंगे जो अब तक किसी योजना से वंचित हैं तथा उन्हें विभिन्न योजनाओं से जोड़ने के लिए आवेदन भी भरवाएंगे।

सेवा पखवाड़े के दौरान राजस्व, ग्राम्य विकास, शहरी विकास, पंचायती राज, कृषि, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, चिकित्सा स्वास्थ्य, आयुष, पशुपालन, उद्यान, ऊर्जा, सहकारिता, लोक निर्माण, शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, वन, कौशल विकास एवं सेवायोजन, आपदा प्रबंधन, बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों सहित कुल 24 विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे। 5 जुलाई को आयोजित खेल कार्यक्रम को छोड़कर सभी शिविरों में विभागीय सहभागिता अनिवार्य रहेगी।

कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी जिला सूचना कार्यालय को सौंपी गई है, जो प्रचार सामग्री, बैनर एवं जनजागरूकता साहित्य उपलब्ध कराने के साथ सभी कार्यक्रमों की मीडिया कवरेज भी सुनिश्चित करेगा। संबंधित उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी तथा अधिशासी अधिकारी स्थानीय निकायों के सहयोग से टेंट, स्टॉल, पेयजल, विद्युत, मंच, ध्वनि व्यवस्था, सुरक्षा तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे।

कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, स्वयं सहायता समूहों, लाभार्थियों एवं आमजन की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक शिविर में राजस्व विभाग द्वारा लंबित राजस्व वादों के निस्तारण के लिए “समाधान समारोह” के अंतर्गत विशेष लोक अदालत का भी आयोजन किया जाएगा।

सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का रोस्टर इस प्रकार रहेगा:

4 जुलाई 2026 – विकासखंड परिसर, भीमताल
रोजगार, स्वरोजगार एवं कौशल विकास।

5 जुलाई 2026 – स्पोर्ट्स स्टेडियम, हल्द्वानी
मैराथन, मंडल स्तरीय शूटिंग एवं साइकिलिंग प्रतियोगिताएं।

6 जुलाई 2026 – विकासखंड परिसर, रामनगर
स्वास्थ्य, शिक्षा, दिव्यांगजन सहायता तथा महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर।

7 जुलाई 2026 – तहसील परिसर, श्री कैंचीधाम
महिला, युवा एवं सैनिक कल्याण कार्यक्रम।

8 जुलाई 2026 – विकासखंड परिसर, धारी
कृषि, उद्यान एवं पशुपालन विषयक कार्यक्रम।

9 जुलाई 2026 – विकासखंड परिसर, कोटाबाग
उद्योग तथा लघु एवं सूक्ष्म उद्योग कार्यक्रम।

10 जुलाई 2026 – विकासखंड परिसर, हल्द्वानी
रेल, सड़क, रोपवे, जमरानी बांध, उड़ान योजना एवं आधारभूत संरचना विकास से संबंधित कार्यक्रम।

13 जुलाई 2026 – रामलीला मैदान, गोमतीगैर (मल्ला सूपी), रामगढ़
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार एवं सेवा पखवाड़ा शिविर।

14 जुलाई 2026 – रामलीला ग्राउंड, नाई, ओखलकांडा
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार एवं सेवा पखवाड़ा शिविर।

15 जुलाई 2026 – जीआईसी लोहाली, बेतालघाट
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार एवं सेवा पखवाड़ा शिविर।

17 जुलाई 2026 – तहसील परिसर, लालकुआँ
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार एवं सेवा पखवाड़ा शिविर।

18 जुलाई 2026 – अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज मैदान, कालाढूंगी
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार एवं सेवा पखवाड़ा शिविर।

जनपद प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे सेवा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित बहुउद्देशीय शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। प्रशासन का कहना है कि यह अभियान शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से योजनाओं से जोड़ने तथा सुशासन, सेवा और जनसरोकारों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें