बेतालघाट – पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में कुमाऊं परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती ने शुक्रवार को थाना बेतालघाट का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों, सुरक्षा इंतजामों तथा निर्माणाधीन नए थाना भवन का जायजा लेते हुए अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान आईजी ने थाना कार्यालय, आगंतुक कक्ष, सीसीटीएनएस कक्ष, मालखाना, हवालात, बैरक सहित विभिन्न शाखाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय ऑनलाइन एवं ऑफलाइन अभिलेखों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी रिकॉर्ड समय-समय पर अपडेट किए जाएं तथा विभागीय पोर्टलों को नियमित रूप से अध्यावधिक रखा जाए, ताकि पुलिस कार्य प्रणाली अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बन सके।
आगंतुक कक्ष की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि थाने में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए तथा प्राप्त प्रार्थना-पत्रों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
आईजी कुमाऊं ने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए थानाध्यक्ष बेतालघाट को निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों की विवेचना निष्पक्षता, गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि अपराधों की जांच में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन थाना भवन एवं परिसर का निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परिसर को हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए चारदीवारी के आसपास व्यापक पौधरोपण कराने के निर्देश दिए। साथ ही महिला एवं पुरुष हवालातों में बेहतर सुरक्षा और पर्याप्त वेंटिलेशन सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त खिड़कियां लगाने को कहा।
उन्होंने थाना प्रभारी कक्ष को अधिक जनहितैषी बनाने के उद्देश्य से पारदर्शी खिड़की लगाने के निर्देश दिए, ताकि अधिकारी कक्ष के भीतर से ही आने-जाने वाले फरियादियों एवं आगंतुकों पर निगरानी रख सकें। इसके अलावा महिला एवं पुरुष बैरकों में पुलिस कर्मियों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एग्जॉस्ट फैन लगाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के समापन पर पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती ने कार्यदायी संस्था को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि पुलिस कर्मियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त थाना भवन उपलब्ध हो सके और स्थानीय नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान एसपी भवन रेवाधर मठपाल, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, थानाध्यक्ष बेतालघाट विजय नेगी, सहायक अभियंता जयांक पांडे, भवन लिपिक दीपा मिराल, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











