कैंची धाम यात्रा होगी आसान, वीकेंड पर पार्किंग से मिलेगी शटल सेवा, दोपहिया टैक्सी पर रोक

नैनीताल – जनपद नैनीताल में वीकेंड के दौरान कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में बढ़ने वाली पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए जिला पुलिस ने विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान लागू किया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य क्षेत्र में यातायात को सुचारु बनाए रखना, जाम की समस्या से राहत दिलाना तथा श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।

यातायात व्यवस्था के तहत प्रत्येक शनिवार और रविवार को अल्मोड़ा तथा रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट कर रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग के रास्ते हल्द्वानी भेजा जाएगा, जिससे कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में वाहनों का दबाव कम किया जा सके।

वहीं हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहनों को उनके निर्धारित मार्ग से आवागमन की अनुमति रहेगी। अन्य भारी वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार समय-समय पर भवाली मस्जिद तिराहे से पहले रोका जाएगा अथवा उन्हें रामगढ़ और खुटानी मोटर मार्ग के जरिए उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

प्रशासन ने वीकेंड पर बाहरी राज्यों एवं जनपदों से निजी वाहनों से आने वाले पर्यटकों के लिए भी विशेष पार्किंग व्यवस्था की है। वाया भीमताल होकर कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। यहां से पर्यटकों को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम मंदिर तक पहुंचाया जाएगा।

इसी प्रकार, गेठिया और नैनीताल मार्ग से कैंची धाम पहुंचने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों को भवाली स्थित सेनेटोरियम पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं को शटल सेवा के जरिए मंदिर तक भेजा जाएगा, जिससे कैंची धाम क्षेत्र में वाहनों की भीड़ कम रहे।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक वीकेंड पर टैक्सी श्रेणी के दोपहिया वाहनों का कैंची धाम क्षेत्र में प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे दोपहिया वाहनों को भी सेनेटोरियम पार्किंग में खड़ा कर उनके चालकों एवं यात्रियों को शटल सेवा के माध्यम से मंदिर तक भेजा जाएगा।

जिला पुलिस ने सभी पर्यटकों, स्थानीय नागरिकों, वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की है कि वीकेंड के दौरान जारी यातायात एवं डायवर्जन प्लान का पालन करें। प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य श्रद्धालुओं को जाम से राहत दिलाना, सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना तथा कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें