मुर्गा गाड़ी निकली चरस की खेप से भरी, पुलिस ने खोली तस्करों की पोल

भीमताल – जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भीमताल पुलिस और एएनटीएफ कुमाऊँ यूनिट ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुर्गा सप्लाई वाहन की आड़ में की जा रही चरस तस्करी का पर्दाफाश किया है। संयुक्त टीम ने 2.683 किलोग्राम अवैध चरस बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप और अल्टो कार को भी सीज कर दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात जगदीश चन्द्र तथा क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में भीमताल पुलिस और एएनटीएफ कुमाऊँ यूनिट के प्रभारी निरीक्षक पवन स्वरूप की संयुक्त टीम ने भीमताल बाजार स्थित खुटानी बैंड क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग के दौरान कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस ने सोना मटन चिकन शॉप के सामने लाल रंग की अल्टो कार और उसके पीछे चल रही बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली। इसी दौरान पिकअप वाहन में सवार एक व्यक्ति जंगल की ओर भाग निकला। तलाशी के दौरान बोलेरो पिकअप से 2.683 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से अख्तर हुसैन निवासी मल्लीताल भीमताल तथा विजय सिंह बिष्ट निवासी ग्राम सूपी, मुक्तेश्वर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपी बच्चीराम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा तलाश अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार बरामद चरस की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी चरस की खेप को दूसरे क्षेत्रों में सप्लाई करने की फिराक में थे। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।

नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं को नशे के जाल में धकेलने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें