सरिताताल झील में गिरी पर्यटकों की कार, स्थानीय लोगों ने बचाई चार जिंदगियां

नैनीताल – नैनीताल में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब मुरादाबाद और बुलंदशहर से आए चार पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर कालाढूंगी रोड स्थित सरिताताल झील में जा गिरी। स्थानीय लोगों की तत्परता और साहसिक प्रयासों के चलते कार सवार सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार यूपी-21-सीसी-1213 नंबर की कार में मुरादाबाद निवासी आलम और बुलंदशहर निवासी उमेर अपनी दो महिला मित्रों के साथ नैनीताल घूमने आए थे। सोमवार शाम सभी पर्यटक नैनीताल से मुरादाबाद की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान कालाढूंगी रोड स्थित सरिताताल क्षेत्र में वाहन चालक का कार से नियंत्रण हट गया और कार सड़क से नीचे खाई की ओर लुढ़कते हुए झील में जा गिरी।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार में सवार कुछ लोग स्वयं बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि दो अन्य लोगों को स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की बहादुरी और सूझबूझ के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी पर्यटक सुरक्षित बाहर निकल चुके थे। मंगोली चौकी प्रभारी राधिका भंडारी ने बताया कि कार में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस की निगरानी में झील में गिरी कार को बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है।

हादसे के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटनास्थल पर सुरक्षा इंतजाम और चेतावनी संकेतक बढ़ाने की मांग भी की है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें