नैनीताल/कैंची धाम – विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम स्थापना दिवस मेला-2026 इस वर्ष ऐतिहासिक और चमत्कारिक आयोजन के रूप में संपन्न हुआ। रिकॉर्ड संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं के बावजूद मेले का संचालन शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सफल रहा। मेले के समापन पर श्री कैंची मंदिर समिति और मंदिर प्रबंधन ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन तथा नैनीताल पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया।
श्री कैंची मंदिर समिति के सचिव आलोक चोपड़ा और प्रबंधक प्रदीप साह ने कहा कि वे पिछले लगभग 50 वर्षों से कैंची धाम की सेवा से जुड़े हुए हैं, लेकिन अपने जीवन में उन्होंने इतना विशाल, व्यवस्थित और चमत्कारिक मेला कभी नहीं देखा। उन्होंने कहा कि इस बार श्रद्धालुओं की संख्या सभी पूर्व रिकॉर्डों को पार कर गई, इसके बावजूद पुलिस और प्रशासन ने बेहतरीन समन्वय और सूझबूझ का परिचय देते हुए व्यवस्थाओं को पूरी तरह नियंत्रण में रखा।
मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि नैनीताल पुलिस और जिला प्रशासन ने कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अभूतपूर्व कार्य किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे और मेला समापन तक हर गतिविधि पर उनकी विशेष नजर बनी रही।
श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए मंदिर प्रशासन ने दर्शन का समय एक घंटे तक बढ़ाया, जिससे अंतिम कतार में खड़े श्रद्धालुओं को भी बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन का अवसर मिल सका। मंदिर समिति ने इस निर्णय के लिए भी प्रशासन और पुलिस के सहयोग की सराहना की।
समिति ने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग, कुमाऊं आयुक्त, आईजी कुमाऊं, जिलाधिकारी, एसएसपी नैनीताल तथा समस्त प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की सक्रिय भूमिका के कारण यह विशाल आयोजन सफलता का नया अध्याय लिख सका। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन व्यवस्था को लेकर जिस प्रकार की तैयारी की गई, वह भविष्य के लिए एक मिसाल बन गई है।
मेले के सफल समापन पर मंदिर समिति, सेवादारों, स्थानीय नागरिकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने “नीब करौरी बाबा की जय” के उद्घोष के साथ अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, मंदिर समिति के सचिव आलोक चोपड़ा, प्रबंधक प्रदीप साह, सदस्य मंजुल कुमार जोशी, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, पीआरओ हेमा ऐठानी सहित मंदिर समिति के सदस्य, सेवादार एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।












