रुद्रपुर – रुद्रपुर ग्रामीण भाजपा मंडल अध्यक्ष के साथ कथित मारपीट और गाली-गलौज की घटना को लेकर शनिवार देर रात राजनीतिक माहौल गरमा गया। घटना के विरोध में विधायक शिव अरोरा दर्जनों भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ दिनेशपुर थाने पहुंचे और थानाध्यक्ष का घेराव करते हुए आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। पुलिस के आश्वासन के बाद कार्यकर्ता शांत हुए।
भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सुदर्शन विश्वास ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार शाम वह रुद्रपुर से अपने घर आनंदखेड़ा नंबर-1 लौट रहे थे। आरोप है कि जाफरपुर क्षेत्र के पास दो वाहनों में सवार आधा दर्जन से अधिक लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। सुदर्शन विश्वास के अनुसार, हमलावर हथियारों से लैस थे और उन्होंने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
उन्होंने बताया कि किसी तरह अपनी जान बचाकर वह पास की एक दुकान में घुस गए, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया।
मामले की जानकारी मिलने पर विधायक शिव अरोरा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ दिनेशपुर थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। विधायक ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
थाने में काफी देर तक चले हंगामे के बीच थानाध्यक्ष रविंद्र बिष्ट ने मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस के आश्वासन के बाद भाजपा कार्यकर्ता शांत हुए और वापस लौट गए।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।











