खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रविवार को खटीमा में भव्य “प्रगति पथ यात्रा” का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में युवाओं, मातृशक्ति, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगा हाथों में लिए लोगों की मौजूदगी से पूरा शहर देशभक्ति, विकास और जनसमर्थन के नारों से गूंज उठा।
मुख्य बाजार एवं प्रमुख मार्गों से होकर निकली यात्रा का शुभारंभ खटीमा के मुख्य चौराहे से हुआ। यात्रा में शामिल लोगों ने प्रदेश और देश के विकास के संकल्प को दोहराते हुए उत्साह के साथ सहभागिता की। पूरे मार्ग में मुख्यमंत्री धामी का विभिन्न स्थानों पर नागरिकों, व्यापारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्पवर्षा एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया।
प्रगति पथ यात्रा पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क पहुंची, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद यात्रा शहीद स्थल पहुंची, जहां मुख्यमंत्री ने शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र और समाज के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले महापुरुषों एवं शहीदों का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है तथा जनता का सहयोग और विश्वास ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है।
यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदेश में संचालित विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
इस अवसर पर दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रणजीत सिंह नामधारी, किशन सिंह किन्ना, दर्जा राज्य मंत्री हुकम सिंह कुंवर, मोहन पाठक, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद जोशी, जिला पंचायत सदस्य सागर सिंह धामी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, नगर पंचायत नानकमत्ता अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तम सिंह नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं नागरिक उपस्थित रहे।










