बाबा नीम करौली महाराज जन्मोत्सव पर उमड़ेगी आस्था, पुलिस ने बनाया विशेष प्लान

हल्द्वानी – विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम में आगामी 15 जून को आयोजित होने वाले बाबा नीम करौली महाराज जन्मोत्सव मेला एवं भंडारा कार्यक्रम को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार देर रात्रि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय हल्द्वानी में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। एसएसपी ने सभी अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर वाहनों को रोका या डायवर्ट किया जाना है, वहां पर्याप्त संख्या में बैरियर, संकेतक बोर्ड एवं सूचना पट्ट लगाए जाएं। साथ ही पार्किंग स्थलों और शटल सेवा केंद्रों पर पुलिस सहायता केंद्र स्थापित कर श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए।

एसएसपी ने अग्निशमन विभाग, एटीएस, बम निरोधक दस्ता तथा अन्य सुरक्षा इकाइयों को संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मेला क्षेत्र और संपर्क मार्गों पर अतिक्रमण हटाने तथा अवैध पार्किंग के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के भी निर्देश जारी किए गए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि मेले के दौरान पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिस कर्मियों एवं यातायात पुलिस की तैनाती की जाएगी। भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन कैमरों और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (पीए सिस्टम) के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी।

एसएसपी ने सोशल मीडिया और साइबर सेल को भी सक्रिय रहने के निर्देश देते हुए कहा कि अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल विधिक कार्रवाई की जाए।

इसके अलावा मेडिकल टीम, एम्बुलेंस, फायर सर्विस और आपदा राहत दलों के साथ समन्वय स्थापित कर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार रखने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सुरक्षा, यातायात एवं कानून व्यवस्था संबंधी सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने को कहा, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

बैठक में पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, पुलिस अधीक्षक कार्यालय रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, यातायात निरीक्षक, प्रभारी सीपीयू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं कई अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें