कैंची मेला-2026:आस्था और पर्यटन के संगम पर विशेष व्यवस्था, बाजार रहेंगे देर रात तक खुले

नैनीताल – विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम मेला-2026, पर्यटन सीजन और ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विशेष व्यवस्था लागू की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर 11 जून से 16 जून तक यात्रा मार्गों एवं प्रमुख पर्यटन स्थलों से जुड़े क्षेत्रों में व्यापारिक प्रतिष्ठान मध्यरात्रि तक खुले रह सकेंगे।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जनपद के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि नैनीताल, भीमताल, भवाली, रामनगर, हल्द्वानी और काठगोदाम सहित प्रमुख यात्रा एवं पर्यटन क्षेत्रों में स्थित व्यापारिक प्रतिष्ठानों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक सहयोग और समन्वय सुनिश्चित किया जाए।

पुलिस प्रशासन का उद्देश्य यह है कि कैंची धाम मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों को आवश्यक वस्तुएं, भोजन, दवाइयां और अन्य जरूरी सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें। इसके लिए संबंधित क्षेत्रों के बाजारों और प्रतिष्ठानों को मध्यरात्रि तक संचालित किए जाने की अनुमति दी गई है।

एसएसपी ने निर्देश दिए हैं कि पुलिस बल ऐसे प्रतिष्ठानों को आवश्यक सुरक्षा प्रदान करे तथा यातायात, कानून-व्यवस्था और जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि मेले और पर्यटन सीजन के दौरान श्रद्धालुओं व पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।

नैनीताल पुलिस का लक्ष्य कैंची धाम मेला-2026 के दौरान आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु और पर्यटक को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी यात्रा सुखद और व्यवस्थित बनी रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें