कौशल विकास की नई पहल, 33 प्रतिभागियों ने पूरा किया प्रशिक्षण

नैनीताल – आरसेटी कुंवरपुर, नैनीताल में आयोजित 31 दिवसीय टेलर-वूमेन गारमेंट्स (महिला वस्त्र निर्माण) प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हो गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद नैनीताल के विभिन्न विकासखंडों एवं क्षेत्रों से कुल 33 युवक-युवतियों ने प्रतिभाग कर सिलाई एवं वस्त्र निर्माण से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।

समापन समारोह में सहायक परियोजना निदेशक एवं जिला मिशन प्रबंधक, एनआरएलएम नैनीताल श्रीमती चंदा फर्त्याल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रशिक्षुओं से संवाद कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उपलब्ध सुविधाओं एवं उनके अनुभवों की जानकारी ली तथा संस्थान द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न परिधानों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनके कार्य की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि महिला वस्त्र निर्माण का क्षेत्र स्वरोजगार की अपार संभावनाओं से भरपूर है। यदि महिलाएं अपने कार्य में गुणवत्ता, रचनात्मकता और नवीनता को शामिल करें तो वे आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ दूसरों को भी रोजगार उपलब्ध करा सकती हैं।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सिलाई एवं वस्त्र निर्माण के तकनीकी प्रशिक्षण के साथ-साथ आत्मविश्वास विकास, सफल उद्यमी के गुण, सकारात्मक सोच, व्यवसाय प्रबंधन तथा बैंकिंग संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। इसके अलावा सफल उद्यमियों के साथ संवाद एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को उद्यमिता के प्रति जागरूक किया गया।

संस्थान के निदेशक अतुल कुमार पांडे ने बताया कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद भी संस्थान अगले दो वर्षों तक प्रशिक्षणार्थियों के संपर्क में रहेगा तथा स्वरोजगार, व्यवसाय स्थापना एवं आय सृजन गतिविधियों के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेगा।

समापन अवसर पर बड़ौदा आरसेटी के निदेशक अतुल कुमार पांडे, मास्टर ट्रेनर तारा देवी, प्रशिक्षक नरेंद्र सिंह पिलख्वाल तथा एफएलसी काउंसलर सुरेश बिष्ट ने सभी प्रशिक्षुओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें