ग्रामीण महिलाओं के हाथों को मिला रोजगार, ‘बाखली’ ग्राम दुकान का शुभारंभ

भीमताल – उत्तराखंड में ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल के तहत विकासखंड भीमताल में “बाखली” नामक ग्राम दुकान का शुभारंभ किया गया। नाबार्ड के सहयोग से स्थापित इस ग्राम दुकान का संचालन “दक्ष स्वयं सहायता समूह” द्वारा किया जाएगा, जबकि इसका क्रियान्वयन मेनवस संस्था के माध्यम से किया जा रहा है।

कार्यक्रम में क्षेत्र की करीब 50 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने भागीदारी की। इस पहल को ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

“बाखली” ग्राम दुकान में स्थानीय महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों को प्रदर्शित और बिक्री के लिए रखा गया है। इनमें ऐपण कला आधारित वस्तुएं, रिंगाल शिल्प, जूट उत्पाद, अचार, शहद, मोटे अनाज, दालें और पारंपरिक खाद्य सामग्री शामिल हैं। इन उत्पादों को स्थानीय समूहों से खरीदकर बाजार तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे महिलाओं को आय का स्थायी स्रोत उपलब्ध हो सके।

नाबार्ड द्वारा इस परियोजना को दो वर्षों तक अनुदान सहायता प्रदान की जा रही है। इसके अंतर्गत दुकान का किराया, विक्रय कर्मी का मानदेय, प्रशिक्षण और आधारभूत संरचना से संबंधित व्यवस्थाएं शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने, स्थानीय उत्पादों के संरक्षण और विपणन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की ग्राम दुकानें ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ महिलाओं के कौशल विकास और आत्मनिर्भरता को नई दिशा देने का कार्य कर रही हैं।

“बाखली” ग्राम दुकान को स्थानीय उत्पादों और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है, जिससे ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें