हल्द्वानी – आगामी बकरीद ईद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने को लेकर नैनीताल पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकों का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में सोमवार को मल्लीताल, भवाली, लालकुआं, बनभूलपुरा, हल्द्वानी, काठगोदाम और मुखानी थाना क्षेत्रों में गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों और विभिन्न समुदायों के लोगों के साथ बैठकें आयोजित की गईं।
बैठकों की अध्यक्षता एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र तथा एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने की। इस दौरान नगर आयुक्त हल्द्वानी परितोष वर्मा और सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी भी मौजूद रहे।
बैठक में सभी लोगों से बकरीद पर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित न किए जाएं।
बैठक में यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त और साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
नगर निगम को निर्देश दिए गए कि जिन क्षेत्रों में नालियों की सफाई शेष है, वहां जल्द सफाई कार्य पूरा कराया जाए। साथ ही जिन स्थानों पर कुर्बानी होनी है, वहां पानी के टैंकरों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्रशासन ने कुर्बानी स्थलों पर अवशेष खुले में न छोड़ने तथा उनके त्वरित निस्तारण के लिए नगर निगम के वाहन और कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवशेषों को खुले में ले जाने की अनुमति नहीं होगी और निर्धारित स्थानों पर ही उनका निस्तारण किया जाएगा।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि प्रशासन द्वारा चिन्हित 12 स्थानों पर ही कुर्बानी की अनुमति रहेगी। साथ ही आमजन से अपील की गई कि कुर्बानी से संबंधित तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा न करें, ताकि सामाजिक सौहार्द बना रहे।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने या कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बैठक में क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल राजेंद्र सिंह रावत, प्रभारी निरीक्षक भवाली प्रकाश मेहरा, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश फर्त्याल, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान, थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी सहित कई अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बैठक के अंत में सभी समुदायों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संकल्प लिया।











