नैनीताल – अल्मोड़ा निवासी युवक दीपक उपाध्याय के लापता होने के मामले में सोमवार को बड़ा खुलासा हुआ, जब उसका शव टूटा पहाड़ क्षेत्र की गहरी खाई से बरामद किया गया। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, वहीं परिजनों ने युवक के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, दीपक उपाध्याय बीते बुधवार को तल्लीताल रोडवेज स्टेशन क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। युवक के लापता होने के बाद पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू की और 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके बावजूद शुरुआती चार दिनों तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवक के तीन दोस्तों से भी पूछताछ की। इस बीच सोमवार को चलाए गए सर्च अभियान के दौरान टूटा पहाड़ क्षेत्र में करीब 80 मीटर गहरी खाई में युवक का शव बरामद हुआ, जिससे पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया।
शव मिलने के बाद मृतक के परिजनों ने उसके साथ मौजूद रहे दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि दीपक का अचानक लापता होना और फिर इस तरह शव का खाई में मिलना कई सवाल खड़े करता है।
घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। वैज्ञानिक जांच के लिए आवश्यक सैंपल भी एकत्र किए जा रहे हैं, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में थानाध्यक्ष मनोज नयाल ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। फिलहाल इस घटना से क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।











