नैनीताल – जनपद के गौलापार स्थित मानसभंडार खेल परिसर, अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में 23वीं प्रादेशिक जनपद/वाहिनी पुलिस हॉकी प्रतियोगिता-2026 (पुरुष एवं महिला) का भव्य शुभारंभ शुक्रवार, 24 अप्रैल 2026 को किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के कुशल नेतृत्व में किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल (आईएएस) द्वारा किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडे, प्रशिक्षु सीओ विनय सिंह एवं अंकित थपलियाल, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, प्रभारी निरीक्षक दिनेश फर्त्याल, थानाध्यक्ष काठगोदाम विमल मिश्रा सहित अनेक पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह के दौरान सभी टीमों का मैदान में फॉल-इन कराया गया। मुख्य अतिथि का पारंपरिक स्वागत किया गया, इसके बाद टीम मैनेजरों द्वारा खिलाड़ियों का परिचय कराया गया। मार्च पास्ट के साथ टीमों ने मुख्य अतिथि को सलामी दी। तत्पश्चात जिलाधिकारी द्वारा प्रतियोगिता के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की गई।
इसके साथ ही गत वर्ष के व्यक्तिगत चैंपियन एवं नैनीताल टीम के कप्तान द्वारा सभी खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा की शपथ दिलाई गई।
इस प्रतियोगिता में कुल 9 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं, जिनमें जनपद अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर, 31वीं वाहिनी पीएसी, 40वीं वाहिनी पीएसी, 46वीं वाहिनी पीएसी, आईआरबी प्रथम, आईआरबी द्वितीय और जनपद नैनीताल शामिल हैं।
पहले दिन खेले गए मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। पहले मैच में 46वीं वाहिनी पीएसी ने जनपद नैनीताल को 7-0 से पराजित किया। दूसरे मैच में आईआरबी प्रथम ने 40वीं वाहिनी पीएसी को 4-1 से हराया। तीसरे मैच में 31वीं वाहिनी पीएसी ने पिथौरागढ़ को 6-1 से शिकस्त दी। वहीं चौथे मुकाबले में ऊधमसिंह नगर की टीम ने अल्मोड़ा को 4-1 से हराकर जीत दर्ज की।
यह तीन दिवसीय प्रतियोगिता 24 अप्रैल से 26 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता का समापन समारोह 26 अप्रैल 2026 को सायं 5:00 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें विजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल में खेल भावना, टीम वर्क, अनुशासन और शारीरिक दक्षता को बढ़ावा देना है। इस आयोजन के सफल संचालन में पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।











